Last Updated:
Vertical Gardening Ideas : अगर आपके घर में भी गार्डन के लिए खुली जगह नहीं है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. आप घर की खाली दीवारों और छत का इस्तेमाल करके भी गार्डन बना सकते हैं. लोकल 18 ने इस बारे में ऋषिकेश के गार्डनर राम सागर से बात की. वे बताते हैं कि ऐसे लोगों के लिए वर्टिकल गार्डेनिंग बेस्ट है. इसमें दीवारों पर पौधे लगाए जाते हैं. वर्टिकल गार्डेनिंग में दीवार पर लोहे या लकड़ी के स्टैंड लगाकर उनमें छोटे-छोटे गमले रखे जाते हैं. ये तरीका घर में ज्यादा जगह भी नहीं घेरता. राम सागर कहते हैं कि वर्टिकल गार्डनिंग उन लोगों के लिए काफी अच्छा विकल्प है, जो फ्लैट में रहते हैं या जिनके घर में छोटा आंगन या छोटी सी बालकनी है.
ऋषिकेश. हर कोई चाहता है कि उसके घर में हरियाली हो और आसपास का माहौल सुंदर दिखे, लेकिन कई बार घर में जगह कम होने की वजह से लोग गार्डन नहीं बना पातें. अगर आपके घर में भी गार्डन के लिए खुली जगह नहीं है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. अब आप घर की खाली दीवारों और छत का इस्तेमाल करके भी एक छोटा-सा खूबसूरत गार्डन तैयार कर सकते हैं. लोकल 18 से ऋषिकेश के गार्डनर राम सागर बताते हैं कि ऐसे लोगों के लिए वर्टिकल गार्डेनिंग सबसे सही है. इसमें जमीन पर गमले रखने के बजाय दीवारों पर पौधे लगाए जाते हैं. इसके लिए दीवार पर लोहे या लकड़ी के स्टैंड लगाकर उनमें छोटे-छोटे गमले रखे जाते हैं. हैंगिंग पॉट्स और दीवार पर लगने वाले प्लांटर्स भी लगाए जा सकते हैं. इस तरह एक ही दीवार पर कई तरह के पौधे लगाए जा सकते हैं. ये तरीका घर में ज्यादा जगह भी नहीं घेरता. वर्टिकल गार्डनिंग उन लोगों के लिए काफी अच्छा ऑप्शन है, जो फ्लैट में रहते हैं या जिनके घर में छोटा आंगन और छोटी सी बालकनी है. जिन लोगों को पौधे लगाने का शौक है, लेकिन जगह की कमी की वजह से कुछ कर नहीं पाते, उनके लिए यह एक अच्छा तरीका है.
क्या-क्या उगा सकते हैं
गार्डनर राम सागर बताते हैं कि वर्टिकल गार्डनिंग में आप सिर्फ सजावटी पौधे ही नहीं, बल्कि कई तरह की सब्जियां और हर्ब्स भी उगा सकते हैं. दीवार पर लगे छोटे गमलों में मनी प्लांट, पोथोस, स्नेक प्लांट, फर्न और स्पाइडर प्लांट जैसे पौधे लगा सकते हैं. अगर आप घर में इस्तेमाल होने वाली चीजें उगाना चाहते हैं, तो पुदीना, धनिया, तुलसी, अजवाइन और हरी मिर्च भी लगा सकते हैं. पालक, मेथी और लेट्यूस जैसी पत्तेदार सब्जियां भी वर्टिकल गार्डन में उगाई जा सकती हैं. कुछ बड़े प्लांटर्स में आप टमाटर और स्ट्रॉबेरी भी लगा सकते हैं.
पौधे लगाने के बाद करते रहें ये काम
गार्डनर राम सागर कहते हैं कि वर्टिकल गार्डनिंग में पौधे लगाना जितना आसान है, उतना ही जरूरी उनकी सही देखभाल करना भी है. सबसे पहले ध्यान रखें कि पौधों को अच्छी धूप मिले. कुछ पौधों को हल्की धूप पसंद होती है, जबकि कुछ को ज्यादा रोशनी की जरूरत पड़ती है. गमलों में पानी डालते समय भी ध्यान रखें कि जरूरत से ज्यादा पानी न हो, क्योंकि इससे पौधों की जड़ें खराब हो सकती हैं. समय-समय पर मिट्टी की जांच करते रहें और सूखी मिट्टी होने पर ही पानी डालें. पौधों की सूखी और पीली पत्तियों को हटाते रहें, ताकि उनकी अच्छी तरह से बढ़त हो सके. हर कुछ दिनों में मिट्टी को हल्का ढीला करें. समय समय पर खाद या वर्मी कंपोस्ट डालें.