Last Updated:
Dungarpur Crime News: डूंगरपुर जिले के थाणा गांव में बर्तन धोने की बात पर हुए विवाद में देवर सागर ने अपनी भाभी रेखा पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में महिला के गाल पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गई. घायल महिला को परिजनों ने डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है. घटना को लेकर पीड़िता के भाई गौतमलाल यादव ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Dungarpur Crime News Attack: बर्तन धोने के विवाद में देवर ने भाभी पर किया चाकू से हमला
डूंगरपुर: डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत थाणा गांव में घरेलू विवाद में खूनी झड़प का मामला सामने आया है. घर में महज बर्तन धोने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि देवर ने अपनी ही भाभी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में महिला के गाल पर गंभीर चोट आई है और वह बुरी तरह घायल हो गई. घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाणा गांव की रहने वाली रेखा का घर पर बर्तन धोने की बात को लेकर अपने पति राकेश, देवर सागर और देवरानी निशा के साथ विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते बहस इतनी उग्र हो गई कि पूरे घर में हंगामा खड़ा हो गया. आपसी कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर देवर सागर ने घर में रखा धारदार चाकू उठा लिया और अपनी भाभी रेखा पर हमला कर दिया.
गाल पर चाकू लगने से महिला हुई लहूलुहान
देवर सागर द्वारा किए गए अचानक हमले में चाकू रेखा के गाल पर जा लगा. गाल पर गहरा घाव होने के कारण रेखा मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए. आनन-फानन में घायल महिला को निजी वाहन की व्यवस्था करके तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है.
पीड़िता के भाई ने दर्ज कराई पुलिस रिपोर्ट
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़िता का भाई गौतमलाल यादव अस्पताल पहुंचा और पूरी जानकारी ली. इसके बाद गौतमलाल यादव ने कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपी देवर के खिलाफ लिखित रिपोर्ट सौंपी. कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरी घटना की गहनता से जांच में जुट गई है.