Binance Hack : किसने डाला दुनिया का सबसे बड़ा क्रिप्टो ‘डाका’? 60,000 करोड़ की चोरी में सामने आया ये नाम


Agency:एजेंसियां

Last Updated:

Binance Hack : बायनेन्‍स पर हुए साइबर हमले के लिए ब्‍लॉकचेन एनालिटिक्‍स ने उत्‍तर कोरिया के हैकर ग्रुप को जिम्‍मेदार ठहराया है. यह हैकर समूह पहले बायबिट और सोनी पिक्‍चर्स पर भी बड़ा साइबर हमला कर चुका है. ब्‍लॉकचेन जांच एजेंसी टीआरएम लैब्‍स का कहना है कि बायनेन्‍स से केवल 20 मिनट में ही 60000 करोड़ रुपये मूल्‍य की क्रिप्‍टो चुरा ली गई.

Top Deals Inside

Binance Hack : किसने डाला दुनिया का सबसे बड़ा क्रिप्टो ‘डाका’?Zoom

हैकर्स ने 10 अलग-अलग ब्लॉकचेन नेटवर्क्स पर एक साथ धावा बोला था. (Photo : Canva)

नई दिल्‍ली. दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी चोरी ने सबको सकते में डाल दिया है. क्रिप्‍टो एक्‍सचेंज बायनेन्‍स से 6.3 अरब डॉलर (करीब 60,000 करोड़ रुपये) की क्रिप्‍टो के महाडाके को अंजाम देने में उत्तर कोरिया का नाम आ रहा है. ब्लॉकचेन एनालिटिक्स की दुनिया के दो सबसे बड़े दिग्गजों ने दावा किया है कि इस ऐतिहासिक साइबर हमले के पीछे तानाशाह किम जोंग उन के शातिर साइबर सिंडिकेट का हाथ है. अमेरिका की ब्लॉकचेन जांच एजेंसी टीआरएम लैब्‍स (TRM Labs) और शीर्ष एनालिटिक्स फर्म Chainalysis ने दावा किया है कि ट्रेडर ट्रेटर (TraderTraitor) नाम की हैकिंग यूनिट ने बायनेन्‍स को निशाना बनाया है.

ट्रेडर ट्रेटर हैकिंग यूनिट उत्तर कोरिया के राज्य-प्रायोजित साइबर संगठन ‘लाजारस ग्रुप’ (Lazarus Group) की एक खास विंग मानी जाती है. Chainalysis के सह-संस्थापक जोनाथन लेविन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “हम अभूतपूर्व दौर में जी रहे हैं, लेकिन उत्तर कोरिया के हैकर अपनी पुरानी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं. हमारा स्पष्ट मानना है कि बायनेन्‍स पर हुआ यह हमला उत्तर कोरिया के हैकर ग्रुप ट्रेडर ट्रेटर ने ही किया है.”

महज 20 मिनट का खेल और 10 ब्लॉकचेन पर ट्रांसफर हो गए अरबों डॉलर

टीआरएम लैब्‍स (TRM Labs) के अनुसार, यह कोई साधारण साइबर हमला नहीं बल्कि बेहद सुनियोजित डिजिटल डकैती थी. हैकर्स ने 10 अलग-अलग ब्लॉकचेन नेटवर्क्स पर एक साथ धावा बोला और Binance के हॉट वॉलेट्स से लगभग 6.36 अरब डॉलर की डिजिटल संपत्ति ट्रांसफर कर ली. इस भारी-भरकम रकम का बड़ा हिस्सा महज 20 मिनट के भीतर अलग-अलग वॉलेट्स में बिखेर दिया गया. ऐसा ही हमला उत्तर कोरियाई हैकर्स पहले Bybit जैसे एक्सचेंजों को निशाना बनाने के दौरान कर चुके हैं.

हैकिंग का पुराना और खतरनाक रिकॉर्ड

उत्तर कोरियाई हैकिंग ग्रुप्स का डिजिटल डकैतियों का इतिहास काफी पुराना रहा है. साल 2014 में सोनी पिक्चर्स पर हुए साइबर अटैक के पीछे भी इसी लाजारस ग्रुप का हाथ था. यह हमला हॉलीवुड फिल्म ‘द इंटरव्‍यू’ में किम जोंग उन का मजाक उड़ाने के विरोध में किया गया था. फरवरी 2025 में Bybit क्रिप्टो एक्सचेंज से 1.5 अरब डॉलर की क्रिप्टो चोरी के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी FBI ने इसी ट्रेडर ट्रेटर यूनिट को जिम्मेदार ठहराया था. बायनेन्‍स पर हुआ हमला Bybit की तुलना में चार गुना से भी अधिक बड़ा है.



Source link