Azam Khan Release: समाजवादी पार्टी (सपा) नेता आजम खान के रामपुर जेल से रिहा होते ही ईडी ने हिरासत में ले लिया है. बताया जा रहा है जांच एजेंसी की टीम ने जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है जांच एजेंसी की टीम के साथ सीआरपीएफ के भी जवान भी मौजूद थे, ताकि उनके समर्थक किसी भी प्रकार से हुड़दंग करें तो संभाला जा सके. वहीं, एजेंसी के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उनको गाजियाबाद के ईडी कोर्ट में पूछताछ के लिए पेश किया जा सकता है.
आजम खान के अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने बताया कि उनके खिलाफ चल रहे सभी मुकदमों में रिहाई के परवाने जारी हो गए हैं. एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट सेशन ट्रायल में चल रहे पांच मुकदमों में शुक्रवार को ही रिहाई के परवाने जारी कर जेल भेज दिए गए थे. इसके बाद शनिवार को दो पैन कार्ड मामले में भी राहत मिल गई. इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को जमानत मिली थी. जमानत की शर्तें पूरी होने के बाद संबंधित अदालत ने रिहाई का परवाना जारी कर दिया.
रामपुर जेल पहुंची ED की टीम
इसी बीच सबसे ज्यादा चर्चा प्रवर्तन निदेशालय की टीम को लेकर हो रही है. सूत्रों के मुताबिक, ED की टीम रामपुर जिला जेल पहुंची है. दावा किया जा रहा है कि टीम के साथ पांच गाड़ियां भी जेल परिसर के बाहर मौजूद हैं. इस घटनाक्रम के बाद सवाल उठने लगा है कि क्या आजम खान की जेल से रिहाई के तुरंत बाद ED उन्हें अपने कब्जे में ले सकती है?
दरअसल, आजम खान से जुड़ा एक मामला ED की जांच के दायरे में है. जौहर यूनिवर्सिटी और उससे संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जांच एजेंसी की कार्रवाई पहले भी चर्चा में रही है. ED इस मामले में आजम खान से जेल के भीतर पूछताछ भी कर चुकी है.
हालांकि, जेल के बाहर ED की टीम की मौजूदगी और आजम खान की संभावित गिरफ्तारी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इसलिए गिरफ्तारी की खबर को फिलहाल सूत्रों के दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.
गाजियाबाद कोर्ट में पेशी की भी चर्चा
सूत्रों के हवाले से एक और दावा किया जा रहा है कि रिहाई के बाद ED आजम खान को गिरफ्तार कर गाजियाबाद कोर्ट में पेश कर सकती है. हालांकि, इस संबंध में गिरफ्तारी वारंट, हिरासत आदेश या अदालत की पेशी को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है.
इससे पहले ED की ओर से दर्ज मामले में आजम खान की कस्टडी रिमांड को लेकर अदालत में प्रक्रिया शुरू की गई थी. इस मामले में पुलिस की ओर से रामपुर की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है. इस पर सोमवार को सुनवाई प्रस्तावित है.
समर्थकों की निगाहें जेल के दरवाजे पर
आजम खान की रिहाई को लेकर रामपुर में समर्थकों का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है. जेल के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हैं और उन्हें अपने नेता के बाहर आने का इंतजार है. दूसरी तरफ ED की टीम पहुंचने की खबर ने इस उत्साह के बीच अनिश्चितता बढ़ा दी है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आजम खान सभी मुकदमों में रिहाई की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जेल से बाहर आ पाएंगे या ED की कार्रवाई उनके लिए एक नई कानूनी चुनौती खड़ी करेगी?