52 किलो पनीर, 10 किलो चिकन… पटना में फूड सेफ्टी विभाग की रेड, कई होटल-रेस्टोरेंट पर एक्शन

52 किलो पनीर, 10 किलो चिकन… पटना में फूड सेफ्टी विभाग की रेड, कई होटल-रेस्टोरेंट पर एक्शन


Last Updated:

Patna News: त्योहारों के सीजन में मिलावट खोरों पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट एक्शन ले रहा है. राजधानी पटना में कई होटल-रेस्टोरेंट में छापा मारा गया. यहां कई जगह एक्सपायर्ड सामान मिला, जिसे नष्ट किया गया. तो कई जगह किचन की गंदगी देख अफसर ने एक्शन लिया. कई रेस्टोरेंट को कुछ दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया गया.

Zoom

पटना में फूड सेफ्टी विभाग की रेड. (सांकेतिक तस्वीर AI से बनाई गई.)

पटनाः त्योहारों के सीजन से पहले पटना में फूड सेफ्टी विभाग अलर्ट हो गया. पटना में कई होटल और रेस्टोरेंट में रेड मारी गई. जांच के दौरान कई जगहों पर गड़बड़ी मिली. कहीं एक्सपायर्ड सामान मिला, तो कहीं किचन की सफाई ठीक नहीं थी. मेसर्स अनमोल पाल होटल से 52 किलो पनीर और 10 किलो चिकन जब्त कर नष्ट किया गया. कुछ रेस्टोरेंट के किचन को दो से तीन दिनों तक बंद रखने का ऑर्डर दिया गया.

अनमोल पाल होटल से 52 किलो पनीर जब्त
फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने मेसर्स अनमोल पाल होटल में छापा मारा. यहां से 52 किलो पनीर और 10 किलो चिकन जब्त किया गया. दोनों को नष्ट कर दिया गया. टीम ने बेली रोड स्थित मेसर्स मटन महल में भी जांच की. यहां सरसों तेल का सैंपल लिया गया. साथ ही होटल को अपने लाइसेंस में जरूरी सुधार करने का आदेश दिया गया.

बिरयानी महल में चिकन और मटन नष्ट
आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल में भी छापेमारी हुई. यहां से 13 किलो हाफ बॉयल्ड चिकन, 3 किलो वेज आइटम और डेढ़ किलो उबला हुआ मटन मिला. टीम ने इन सभी चीजों को जब्त कर नष्ट कर दिया. इनकी कुल कीमत करीब 3,150 रुपये बताई गई है.

बिरयानी बूल्ज में भी मिली गड़बड़ी
एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज में जांच के दौरान वेज और नॉनवेज खाने की चीजें एक साथ रखी मिलीं. होटल में कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पानी की जांच की रिपोर्ट भी नहीं मिली. पेस्ट कंट्रोल से जुड़े कागजात भी उपलब्ध नहीं थे. टीम ने यहां कच्चे बासमती चावल और कच्चे मटन के सैंपल लिए. इन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा.

बिरयानी मॉल का किचन तीन दिन बंद
फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में जांच के दौरान एक्सपायर्ड सामान मिला. टीम ने एक्सपायर्ड दूध, अमूल चीज और डेयरी क्रीम को जब्त कर नष्ट कर दिया. यहां से कच्चे चिकन के दो सैंपल भी लिए गए. इन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है. खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमी मिलने पर विभाग ने होटल का किचन तीन दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया.

कोलकाता बिरयानी महल का किचन दो दिन बंद
बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल में भी टीम ने छापा मारा. जांच के दौरान किचन की सफाई ठीक नहीं मिली. यहां पानी की जांच की रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पेस्ट कंट्रोल के कागजात भी नहीं मिले. टीम ने रॉ चिकन और मिर्च पाउडर के सैंपल लिए. किचन की खराब हालत को देखते हुए इसे दो दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया गया.



Source link