बाथरूम के पानी से बन रहा था खाना, रेलवे में सप्लाई होते थे पैकेट, जबलपुर में सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट सील


Last Updated:

Jabalpur News: जबलपुर के साउथ सिविल लाइन स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट में भारी अस्वच्छता का मामला सामने आया है. यहां किचन में सब्जियां धोने और खाना बनाने के लिए बाथरूम के पानी का इस्तेमाल हो रहा था. यह खाना रेलवे में सप्लाई किया जाता था. प्रशासन ने रेस्टोरेंट को सील कर FSSAI लाइसेंस निलंबित कर दिया है.

Top Deals Inside

Jabalpur: बाथरूम के पानी से बन रहा था खाना, रेलवे में सप्लाई होते थे पैकेटZoom

जबलपुर में रेस्टोरेंट सील और लाइसेंस निलंबित.

Jabalpur News: जबलपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ की गंभीर तस्वीर पेश करता है. शहर के साउथ सिविल लाइन स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट की किचन में बेहद गंदगी और अस्वच्छ माहौल में खाना पकाया जा रहा था. जांच में पाया गया कि किचन में सब्जियां धोने और भोजन तैयार करने के लिए बाथरूम के पानी का इस्तेमाल किया जा रहा था.

सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब पता चला कि इसी अस्वच्छ किचन में तैयार किए गए खाने के पैकेट रेलवे में सप्लाई किए जा रहे थे. इस बात की जानकारी खुद रेस्टोरेंट संचालक ने जांच अधिकारियों को दी. किचन में अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने और गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत सख्त कदम उठाया है. प्रशासन ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया है और इसका FSSAI लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है.

कलेक्टर के निर्देश पर विशेष जांच अभियान
त्योहारों के मद्देनजर जबलपुर कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य पदार्थों की जांच का विशेष अभियान शुरू किया गया है. इस अभियान के तहत 29 अक्टूबर को राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच कार्रवाई की. प्राप्त शिकायत के आधार पर संयुक्त टीम साउथ सिविल लाइन स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट की किचन में जांच के लिए पहुंची. वहां पहुंचने पर टीम ने पाया कि भारी गंदगी के बीच बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार किया जा रहा था और उसे संग्रहित करके रखा जा रहा था.

पनीर, दाल और चावल के सैंपल लिए गए
जांच के दौरान किचन में सब्जियां धोने और खाना पकाने के लिए सीधे बाथरूम का पानी इस्तेमाल होता पाया गया. गंभीर अनियमितताओं और लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई की. टीम ने मौके से पनीर, दाल और चावल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे. इसके साथ ही सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट का FSSAI रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस निलंबित करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया.

मिठाइयों की दुकानों से भी लिए गए सैंपल
विशेष जांच अभियान के तहत टीम ने शहर के अन्य प्रसिद्ध मिष्ठान भंडारों पर भी कार्रवाई की. इसमें न्यू केशरवानी स्वीट्स (ग्वारीघाट) से जांच टीम ने नारियल बर्फी और मगज के लड्डू के नमूने लिए. इसी तरह मधु कलश स्वीट्स (रामपुर)से आटे के लड्डू और पेड़े के सैंपल जांच के लिए लिए गए.

भोपाल लैब भेजे जा रहे सभी नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान लिए गए खाद्य पदार्थों के सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं. प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने कहा है कि त्योहारों के दौरान मिलावट करने वालों और अस्वच्छ माहौल में खाद्य सामग्री तैयार करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.



Source link