हरियाणा में तीसरी क्लास के छात्र की हैवानियत, KG की बच्ची पर पत्थर-गमले से किए वार, हालत गंभीर


Last Updated:

Haryana Crime News: पंचकूला के एक स्कूल परिसर में तीसरी कक्षा के एक छात्र ने KG में पढ़ने वाली बच्ची पर पत्थरों और भारी गमले से हमला कर दिया. हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई. आरोप है कि इसके बाद भी छात्र ने उस पर पत्थर बरसाए और उसे काफी दूर तक घसीटता रहा.

Top Deals Inside

हरियाणा में तीसरी के छात्र ने KG की मासूम पर पत्थर-गमले से किए वार, हालत गंभीरZoom

पंचकूला में एक बच्ची को गमले से मारा.

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक स्कूल के अंदर एक तीसरी क्लास के छात्र ने KG की स्पेशल चाइल्ड बच्ची पर पत्थरों और भारी गमले से हमला कर दिया. बच्ची को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह बेहोश हो गई. आरोप तो यह भी है कि इसके बाद भी छात्र ने उस पर पत्थर बरसाए और उसे काफी दूर तक घसीटता रहा. बच्ची को गंभीर हालत में PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है.

यह है मामला

पंचकूला के एक स्कूल परिसर के अंदर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने KG क्लास की एक स्पेशल चाइल्ड बच्ची पर बेरहमी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी बच्चे ने पहले बच्ची पर पत्थरों से हमला किया और इसके बाद गमला उठाकर उसे चोटें पहुंचाईं. फिर जब बच्ची बेहोश हो गई तब भी छात्र यहीं नहीं रुका. उस पर हमला करता रहा.

अस्पताल रेफर

घटना के समय जब लोगों ने बच्ची को खून से लथपथ हालत में देखा तो स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया. घायल बच्ची को पहले सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया. फिलहाल बच्ची का PGI में इलाज चल रहा है.

बच्ची की हालत गंभीर

बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है. स्कूल पहुंची पुलिस हमले की वजह खंगाल रही है. घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ स्कूल पहुंचे. पुलिस स्कूल प्रबंधन से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है. वहीं, हमला करने वाले बच्चे के माता-पिता से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन परिस्थितियों में इतनी छोटी उम्र के बच्चे ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया. स्कूल के अंदर हुई इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.



Source link