पटना: अपने शौक को अगर जुनून बना लिया जाए, तो वही आगे चलकर एक नई पहचान बन सकता है. पटना की रहने वाली स्नेहा की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. चिकनकारी के खूबसूरत कपड़े पहनने का शौक रखने वाली स्नेहा ने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन यही शौक उनके अपने बिजनेस की वजह बन जाएगा. शादी के बाद उन्होंने अपनी नौकरी छोड़कर फैशन और हैंडक्राफ्ट की दुनिया में कदम रखा और House of Thread नाम से अपना चिकनकारी का बिजनेस शुरू किया.
स्नेहा को इस कारोबार की शुरुआत किए अभी महज छह महीने हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है. खास बात यह है कि उनके कलेक्शन में मिलने वाले कपड़े मशीन से नहीं, बल्कि पूरी तरह हाथों से तैयार किए गए हैं. चिकनकारी के हर पैटर्न और डिजाइन को वह खुद लखनऊ जाकर चुनती हैं और फिर पटना लेकर आती हैं.
लखनऊ की चिकनकारी, पटना में मिलेगा खास कलेक्शन
House of Thread में चिकनकारी के शौकीनों के लिए कई तरह के ऑप्शन मौजूद हैं. यहां कुर्तियों से लेकर कॉर्ड सेट, थ्री पीस सेट और मुकेश वर्क वाले पार्टी वियर आउटफिट्स तक मिलते हैं. स्नेहा की खासियत है कि वह क्वालिटी और डिजाइन के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहती. यही वजह है कि वह खुद लखनऊ जाकर एक-एक डिजाइन को सिलेक्ट करती हैं.
उनके यहां कपड़ों की कीमत 1,000 रुपये से शुरू होकर 5,000 से 6,000 रुपये तक जाती है. कीमत कपड़े की क्वालिटी, डिजाइन और उस पर की गई कारीगरी के हिसाब से तय होती है. दिवाली और शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए पार्टी वियर के लिए भी कई आकर्षक ऑप्शन उपलब्ध हैं.
50 पीस से शुरू किया सफर, अब एग्जिबिशन तक पहुंचा कारोबार
स्नेहा बताती हैं कि उन्होंने अपने बिजनेस की शुरुआत बहुत छोटे लेवल पर की थी. शुरुआती दौर में उन्होंने महज 50 पीस के साथ अपना काम शुरू किया था. धीरे-धीरे ग्राहकों का रिस्पॉन्स मिला और कलेक्शन भी बढ़ता गया. वह ज्ञान भवन में आयोजित एग्जिबिशन में भी अपने प्रोडक्ट्स का स्टॉल लगा चुकी हैं.
उनका मानना है कि हैंडक्राफ्टेड कपड़ों की खूबसूरती ही अलग होती है. मशीन से तैयार कपड़ों की तुलना में हाथों से की गई कारीगरी में एक अलग बारीकी और आकर्षण देखने को मिलता है. इसी सोच के साथ वह अपने कलेक्शन में केवल हैंडवर्क वाले कपड़ों को जगह देती हैं.
शादी के बाद छोड़ी नौकरी, पति और ससुराल वालों ने बढ़ाया हौसला
स्नेहा के लिए इस बिजनेस की शुरुआत सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि अपने शौक को पहचान देने का एक फैसला भी था. वह पहले नौकरी करती थी, लेकिन शादी के बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर अपना कारोबार शुरू करने का निर्णय लिया.
इस सफर में परिवार का साथ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना. स्नेहा बताती हैं कि उनके पति ने बिजनेस शुरू करने में सबसे ज्यादा सहयोग किया. ससुराल वालों ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया. वह कहती हैं कि उनके पति और परिवार के सहयोग के बिना इस काम को शुरू करना इतना आसान नहीं होता. पति तो हर कदम पर साथ देते हैं और स्टॉल पर भी मदद करते हैं.
व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम से भी कर सकते हैं संपर्क
पटना में चिकनकारी के खूबसूरत और प्रीमियम कलेक्शन की तलाश कर रहे लोग House of Thread से सीधे संपर्क कर सकते हैं. स्नेहा ग्राहकों को व्हाट्सएप के जरिए अलग-अलग डिजाइन की तस्वीरें भी भेजती हैं, ताकि वे अपनी पसंद के अनुसार कपड़े चुन सकें. मोबाइल नंबर 7632815112 या इंस्टाग्राम पर संपर्क किया जा सकता है.