माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी महोत्सव में सिंधिया ने दिलाए तीन संकल्प, 20 हजार से अधिक लोग हुए शामिल

माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी महोत्सव में सिंधिया ने दिलाए तीन संकल्प, 20 हजार से अधिक लोग हुए शामिल


होमताजा खबरधर्म

जन्मशताब्दी महोत्सव में सिंधिया ने दिलाए संकल्प, 20 हजार से अधिक लोग हुए शामिल

Last Updated:

Gayatri Pariwar Centenary Celebration: अखिल विश्व गायत्री परिवार के माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी महोत्सव में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने समाज व राष्ट्र उत्थान के लिए तीन संकल्प लेने का आह्वान किया. महोत्सव में नारी सम्मान और महिला सशक्तीकरण का विषय विशेष रूप से केंद्र में रहा. आयोजन का पहला दिन मातृशक्ति और नारी जागरण को समर्पित है. इस दौरान माता भगवती देवी शर्मा के जीवन, उनके त्याग और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उनके योगदान पर चर्चा की जा रही है.

Zoom

माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी महोत्सव

Gayatri Pariwar: अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी महोत्सव में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए तीन संकल्प लेने का आह्वान किया. इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से 20 हजार से अधिक लोग शामिल हुए. समारोह में सिंधिया ने महोत्सव के दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ मंच साझा किया. इस दौरान डॉ पण्ड्या ने केंद्रीय मंत्री का सम्मान किया.

अपने संबोधन में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए मातृत्व, प्रेम और भाईचारे की भावना का विस्तार करना जरूरी है. उन्होंने लोगों से तीन प्रमुख संकल्प लेने की अपील की. इनमें पहला संकल्प मातृत्व, प्रेम और भाईचारे का प्रचार-प्रसार करना है. दूसरा, समाज के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देते हुए उन्हें आगे बढ़ाना है. वहीं तीसरा संकल्प भारतीय संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन करते हुए इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है. इसके साथ ही नई पीढ़ी में आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया.

नारी सम्मान और महिला सशक्तीकरण बना केंद्र
महोत्सव में नारी सम्मान और महिला सशक्तीकरण का विषय विशेष रूप से केंद्र में रहा. आयोजन का पहला दिन मातृशक्ति और नारी जागरण को समर्पित है. इस दौरान माता भगवती देवी शर्मा के जीवन, उनके त्याग और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उनके योगदान पर चर्चा की जा रही है. विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने की भी योजना है.

समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा संस्कार और चेतना का प्रकाश
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अखिल विश्व गायत्री परिवार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने में जुटी है. संस्कार निर्माण और मूल्यपरक शिक्षा के माध्यम से गायत्री परिवार ने समाज में नई चेतना पैदा की है. बिरला ने कहा कि संस्था की अखंड ज्योति तब तक जलती रहेगी, जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रकाश नहीं पहुंच जाता. उन्होंने दुनिया के कई देशों में फैली अशांति का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे समय में गायत्री परिवार आध्यात्मिकता के माध्यम से शांति स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है.

सौ साल की साधना और समर्पण का ऐतिहासिक पड़ाव है वर्ष 2026
डॉ चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि वर्ष 2026 अखिल विश्व गायत्री परिवार के लिए सामान्य उत्सव का वर्ष नहीं, बल्कि सौ वर्षों की साधना, त्याग और समर्पण का ऐतिहासिक अवसर है. इस वर्ष माता भगवती देवी शर्मा का जन्म, अखंड दीप का प्रज्वलन और युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से 20 हजार से अधिक लोग पहुंचे हैं. इनमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले लोगों के साथ बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हैं.

विश्व शांति और सद्भाव के संकल्प के साथ होगा समापन
महोत्सव का दूसरा दिन वसुधैव कुटुम्बकम् और विश्व बंधुत्व की भावना को समर्पित रहेगा. इस अवसर पर सामूहिक दीपयज्ञ के माध्यम से विश्व शांति और आपसी सद्भाव का संकल्प लिया जाएगा. वहीं तीसरे दिन युग निर्माण के महासंकल्प के साथ 2 नवंबर को जन्मशताब्दी महोत्सव का समापन होगा.



Source link