Jaipur Murder News: जयपुर में पत्नी की हत्या कर 2 दिन तक लाश के पास रहा पति, कमरे में साथ थे 3 मासूम बच्चे


Last Updated:

Jaipur Murder News: जयपुर के प्रतापनगर में पति ने रॉड से वार कर पत्नी की हत्या कर दी, हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी दो दिन तक तीन मासूम बच्चों के साथ पत्नी के शव के पास कमरे में रहा. शुक्रवार सुबह खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Top Deals Inside

पहले पत्नी के सिर पर मारी रॉड, फिर दो दिन तक बच्चों के साथ शव के पास रहाZoom

जयपुर. राजधानी के प्रतापनगर थाना इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है, यहां एक पति ने अपनी पत्नी की रॉड से सिर पर वार कर हत्या कर दी. हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी करीब दो दिन तक पत्नी के शव के साथ उसी कमरे में रहा. इस दौरान उसके तीन मासूम बच्चे भी कमरे में मौजूद थे, इनमें तीन साल की बेटी, डेढ़ साल का बेटा और महज ढाई महीने का एक मासूम बेटा शामिल है. घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ, जब आरोपी पति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी की हत्या करने की सूचना दी.

मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र के द्वारकापुरी अपार्टमेंट का है, यहां छठी मंजिल पर स्थित कमरे में महिला लक्ष्मी रेगर का शव मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर लक्ष्मी का शव पड़ा था और उसके पास ही तीनों मासूम बच्चे मौजूद थे. बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी प्रदीप बच्चों और पत्नी के शव को कमरे में छोड़कर फरार हो गया था, कमरे को बाहर से बंद किया गया था.

विवाद के बाद रॉड से सिर पर किया हमला

एसीपी सांगानेर दीपक कुमार खंडेलवाल के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि बुधवार को किसी बात को लेकर प्रदीप और लक्ष्मी के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान गुस्से में आकर प्रदीप ने रॉड से लक्ष्मी के सिर पर वार कर दिया, गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी और करीब दो दिन तक शव के साथ कमरे में ही रहा, इस दौरान तीनों छोटे बच्चे भी उसी कमरे में मौजूद रहे.

पुलिस को सूचना देकर हुआ फरार

शुक्रवार सुबह आरोपी प्रदीप ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी की हत्या की जानकारी दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से गायब था. इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की. कुछ ही देर में पुलिस ने अपार्टमेंट के पास एक गली में छिपे प्रदीप को पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है. पुलिस के मुताबिक, मृतका लक्ष्मी मूल रूप से बूंदी की रहने वाली थी, जबकि आरोपी प्रदीप अजमेर का निवासी है. दोनों साथ में मजदूरी का काम करते थे, घटना की जानकारी मिलने के बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए. पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. वहीं, तीनों मासूम बच्चों की स्थिति और उनकी देखभाल को लेकर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.



Source link