Last Updated:
LDA Lottery : लखनऊ में अपने पक्के घर का सपना देख रहे 147 परिवारों के लिए 30 अक्टूबर का दिन बेहद खास होने वाला है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बसंत कुंज के सेक्टर-आई में बने मकानों का आवंटन लॉटरी से किया जाएगा. LDA ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है. जानिए कहां और कितने बजे निकलेगी लॉटरी और घर बैठे कैसे देख सकेंगे इसका लाइव प्रसारण.
घर तलाश रहे लोगों के लिए आज का खास दिन. (सांकेतिक तस्वीर)
लखनऊ : हर किसी का सपना होता है कि उसका अपना एक पक्का घर हो. किराये के मकान में रहने या सालों से अपने घर का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. लखनऊ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 147 परिवारों को अपना घर मिल सकता है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) 30 अक्टूबर यानी आज बसंत कुंज योजना के सेक्टर-आई में बने पीएम आवासों का आवंटन लॉटरी के जरिए करेगा. इस लॉटरी से इंतजार कर रहे 147 आवेदक की किस्मत का फैसला होगा.
सुबह 10 बजे से निकाली जाएंगी पर्चियां
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लॉटरी कराने के आदेश जारी कर दिए हैं. यह प्रक्रिया गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो हॉल में होगी. सुबह 10 बजे से लॉटरी शुरू होगी. खास बात यह है कि सभी आवेदकों के सामने ही पर्चियां निकाली जाएंगी. इससे आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी को भी अपने घर के आवंटन को लेकर संदेह नहीं रहेगा.
घर बैठे भी देख सकेंगे
कई बार जरूरी काम या दूसरी वजहों से आवेदक कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाते. ऐसे लोगों के लिए भी एलडीए ने व्यवस्था की है. लॉटरी का सीधा प्रसारण प्राधिकरण के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा. यानी आवेदक अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर घर बैठे ही पूरी प्रक्रिया देख सकेंगे. इससे उन्हें यह जानने में आसानी होगी कि लॉटरी में किसे मकान मिला है.
जनवरी-फरवरी में हुए थे ऑनलाइन आवेदन
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बसंत कुंज योजना के सेक्टर-आई में बने इन मकानों के लिए 7 जनवरी से 8 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण किए गए थे. अब चयनित 147 आवेदकों को 30 अक्टूबर को होने वाली लॉटरी से मकान मिलने की उम्मीद है. यानी 30 अक्टूबर का दिन इन 147 परिवारों के लिए बेहद खास होने वाला है. सालों से अपने घर का इंतजार कर रहे लोगों को इस दिन पता चलेगा कि उनका अपना आशियाना बनने का सपना पूरा हुआ है या अभी इंतजार करना होगा.