Last Updated:
Bihar 30 October Weather: चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से बिहार के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. सीतामढ़ी और मधुबनी में रेड अलर्ट है. पटना समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
बिहार में आज बारिश का रेड अलर्ट(सांकेतिक फोटो)
पटनाः बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर साफ दिखने लगा है. इसके प्रभाव से पटना समेत राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने आज 30 अक्टूबर को राज्य के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दो जिलों में रेड अलर्ट
- मौसम विभाग ने सीतामढ़ी और मधुबनी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. यहां बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. इसके साथ ही इन इलाकों में तेज बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. रेड अलर्ट वाले क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
4 जिलों में ऑरेंज तो 27 में येलो अलर्ट
- इसके अलावा 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर और दरभंगा शामिल हैं. वहीं, राज्य के 27 अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. येलो अलर्ट वाले जिलों में गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, पटना, नालंदा, नवादा, समस्तीपुर, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार शामिल हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का यह दौर 31 अक्टूबर तक जारी रहने की पूरी संभावना है.
बिहार वेदर अपडेट
पटना समेत इन इलाकों में हुई बारिश
- पिछले 24 घंटों के दौरान पटना में दिनभर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा समस्तीपुर, खगड़िया, जमुई, बक्सर, औरंगाबाद, सासाराम, मधुबनी और आरा में भी हल्की बारिश हुई है. वहीं, नालंदा और बेगूसराय जिलों में आसमान में बादल छाए रहे. राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में आज भी बादल छाए रहने की उम्मीद है. यहां रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई गई है. लगातार बारिश के कारण मौसम में आए बदलाव से लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. निचले इलाकों में जलजमाव होने और सड़कों पर पानी भरने की आशंका भी बनी हुई है.
31 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
- मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना अवदाब अब कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदल रहा है. इस मौसमी प्रणाली और बिहार में आ रही नमीयुक्त पूर्वी हवाओं के मेल से यह बारिश हो रही है. 29 से 31 अक्टूबर के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ चुनिंदा स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की भी पूरी संभावना है.
आंधी और वज्रपात से सावधान
- बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. लगातार बारिश की वजह से निचले इलाकों में पानी भर सकता है. इससे यातायात और परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है. नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की भी आशंका जताई जा रही है.
फसलों पर क्या होगा असर?
- इस मौसम का असर फसलों पर भी पड़ सकता है. बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों, बागानों, केले, पपीते, सहजन और आम के पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे बिल्कुल न खड़े हों. भारी बारिश वाले इलाकों में जलजमाव वाले रास्तों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
तापमान का हाल
- बीते कल यानी गुरुवार के तापमान की बात करें तो पूर्णिया और छपरा में सबसे अधिक 29.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था. वहीं पटना का तापमान 24.2 डिग्री, मुजफ्फरपुर का 23 डिग्री, दरभंगा का 23.3 डिग्री, भागलपुर का 25.8 डिग्री और गया का तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.