26 साल शिक्षक रहने के बाद बने थे विधायक, डोमनलाल कोर्सेवाडा के निधन से शोक में दुर्ग, भाजपा रैली स्थगित

26 साल शिक्षक रहने के बाद बने थे विधायक, डोमनलाल कोर्सेवाडा के निधन से शोक में दुर्ग, भाजपा रैली स्थगित


Last Updated:

MLA Domanlal Korsewada Death: छत्तीसगढ़ के अहिवारा से भाजपा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा का 30 अक्टूबर को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. राजनीति में कदम रखने से पहले उन्होंने 26 वर्षों तक शिक्षक के रूप में सेवाएं दी थीं. वे 2008 और 2023 में अहिवारा सीट से विधायक चुने गए थे.

Zoom

विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा फाइल फोटो.

Durg News: छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा का 30 अक्टूबर को निधन हो गया. उनका इलाज हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा था. उनके निधन की खबर मिलते ही संपूर्ण दुर्ग शहर में शोक की लहर दौड़ गई. वे भाजपा के शासनकाल में दो बार विधायक निर्वाचित हुए थे.

26 वर्षों तक संवारा बच्चों का भविष्य
डोमनलाल कोर्सेवाडा का जन्म 12 अगस्त 1948 को हुआ था. राजनीति के मैदान में उतरने से पहले वे एक समर्पित शिक्षक थे. उन्होंने करीब 26 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी बहुमूल्य सेवाएं दीं और हजारों बच्चों का भविष्य संवारा. उन्होंने वर्ष 1972 में सहायक शिक्षक के पद से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद वे व्याख्याता के पद पर पदोन्नत हुए. वर्ष 1998 में व्याख्याता के पद से सेवानिवृत्त होने तक वे शिक्षा जगत से जुड़े रहे. शिक्षा के क्षेत्र में लंबी और निष्ठावान सेवा देने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा. उन्होंने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में अपनी एक मजबूत और अलग पहचान बनाई.

कांग्रेस प्रत्याशी को 25000 वोटों से हराया था
शिक्षक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद डोमनलाल कोर्सेवाडा ने भाजपा के माध्यम से जनसेवा की राह चुनी. वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी बनाया. अपने पहले ही चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को करीब 25 हजार मतों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत हासिल की. इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में वे एक बार फिर भाजपा के टिकट पर अहिवारा सीट से मैदान में उतरे. जनता ने उन पर पुनः भरोसा जताया और वे दूसरी बार विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे.

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने व्यक्त किया गहरा शोक
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने लिखा कि वे वरिष्ठ नेता के निधन की सूचना से स्तब्ध हैं. उन्होंने कोर्सेवाडा के सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति निष्ठा को याद किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी उनके निधन को पूरी पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि विधानसभा और संगठन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा.

भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ स्थगित
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा के असमय निधन के कारण भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाली अपनी ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ को स्थगित कर दिया है. यह रैली कल यानी 31 अक्टूबर को आयोजित होनी थी. पार्टी सूत्रों के अनुसार अब आगामी रैली का कार्यक्रम संभावित रूप से 5 नवंबर को आयोजित हो सकता है.



Source link