हिमाचल में ठंड बढ़ी, रिज मैदान पर उमड़े सैलानी, गर्म कपड़ों और दस्तानों में नजर आए, 2 नवंबर बारिश और बर्फबारी के आसार

हिमाचल में ठंड बढ़ी, रिज मैदान पर उमड़े सैलानी, गर्म कपड़ों और दस्तानों में नजर आए, 2 नवंबर बारिश और बर्फबारी के आसार


शिमला. हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज से ठंड बढ़ गई है. प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है, जबकि राजधानी शिमला में शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया था. इससे पहले, किन्नौर के छितकुल समेत अन्य इलाकों में गुरुवार को बर्फबारी हुई थी.

मौसम में आए इस बदलाव का असर शिमला में साफ नजर आ रहा है. यहां सैलानी और स्थानीय लोग गर्म कपड़ों में दिखाई दिए. कई पर्यटक हाथों में गर्म दस्ताने पहने नजर आए.

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान और मॉलरोड पर पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली. गोवा से शिमला घूमने पहुंची छात्राएं ठंड से बचने के लिए गर्म दस्ताने पहने नजर आईं. मैदानी इलाकों से पहुंचे पर्यटक शिमला के ठंडे मौसम का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं. खासकर पहाड़ों पर छाए बादल और ठंडी हवाएं पर्यटकों को पहाड़ी मौसम का अलग अनुभव दे रही हैं.

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 2 नवंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. हालांकि, इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होगा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. प्रदेश के कुछ हिस्सों में 31 अक्तूबर को मौसम सामान्य रहने की संभावना है.

शिमला के रिज मैदान में फोटो खींंचवाते सैलानी.

2 नवंबर तक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 30 अक्टूबर को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है. 1 और 2 नवंबर को चंबा और कांगड़ा जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है. 1 नवंबर को कुल्लू और मंडी के एक-दो स्थानों पर भी मौसम करवट ले सकता है.

राजधानी शिमला और सिरमौर में शुक्रवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, किन्नौर में 2 नवंबर तक अलग-अलग दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की बारिश या हिमपात हो सकता है. हालांकि, प्रदेश के मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान है.

अगले 48 घंटे में और गिरेगा पारा, फिर बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 48 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. अधिकतम तापमान में भी अगले 48 घंटों के दौरान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. इसके बाद इसमें भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.

कुकुमसेरी में माइनस 1.7 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

प्रदेश में ठंड का असर अब ऊंचाई वाले क्षेत्रों में साफ दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, ऊना में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

तापमान के आंकड़ों के मुताबिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में यह 9 से 15 डिग्री और निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 11 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ.

शिमला में छाए बादल.

मूरंग में सबसे ज्यादा 12.6 मिलीमीटर बारिश

प्रदेश के कई इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार मूरंग में सबसे अधिक 12.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा धर्मपुर में 6.0, सांगला में 5.4, कसौली में 4.0, पांवटा साहिब में 3.4, कल्पा में 2.6 और कुफरी में 2.0 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं, नाहन और सोलन में एक-एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड का असर बढ़ रहा है. मौसम में आए बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे जाने की संभावना बनी हुई है.



Source link