Last Updated:
Yamuna Nagar News: हरियाणा के यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर से उद्योगपति के बेटे शुभम का शव बरामद हुआ है. शुभम गुरुवार से लापता था और उसकी ऑडी कार नहर के किनारे लावारिस मिली थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मृतक की पहचान यमुनानगर के एक उद्योगपति के बेटे शुभम के रूप में हुई है.
यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर के कस्बा बूड़िया में पश्चिमी यमुना नहर से कारोबारी के बेटे की लाश बरामद की गई है. गुरुवार को कारोबारी का बेटा लापता हो गया था. नहर के किनारे उसकी ऑडी कार लावारिस हालत में खड़ी मिली और दोनों खिड़कियों के शीशे खुले थे. चाबी भी गाड़ी के अंदर ही लगी हुई थी. देर रात को गोताखोरों ने नहर से लाश बरामद की है.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान यमुनानगर के एक उद्योगपति के बेटे शुभम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शुभम कार लेकर नहर के पास पहुंचा था. बाद में पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश की है. बताया जा रहा है कि शुभम पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था.
यमुनानगर की मधु कॉलोनी निवासी उद्योगपति के नाम पर यह कार रजिस्टर्ड है. जांच में सामने आया कि उद्योगपति का बेटा शुभम ही कार लेकर यहां पहुंचा था और उसने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगाई थी. बताया जा रहा है कि करवा चौथ का त्योहार होने के चलते शुभम की पत्नी भी उस समय घर पर नहीं थी. परिवार ने तुरंत गोताखोरों से संपर्क किया और रात को ही नहर में तलाश अभियान शुरू की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया है.
मानसिक रूप से परेशान चल रहा था युवक
शुभम पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था. हालांकि, आखिर किन परिस्थितियों में वह घर से कार लेकर निकला और नहर तक पहुंचा, इन तमाम पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती नहर में लापता शुभम का पता लगाना है. दूसरी तरफ, इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन फिलहाल मीडिया से बात करने की स्थिति में नहीं हैं. एसएचओ बूड़िया निर्मल सिंह ने बताया कि लाश बरामद कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.