नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया को भारतीय वायुसेना (IAF) का अगला उप प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ) नियुक्त किया है. वह 1 नवंबर 2026 से औपचारिक रूप से यह अहम जिम्मेदारी संभालेंगे. एयर मार्शल वालिया वर्तमान में पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर तैनात हैं. राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पूर्व छात्र रहे वालिया 11 जून 1988 को भारतीय वायुसेना की फाइटर पायलट स्ट्रीम में कमीशन हुए थे. लगभग चार दशकों के अपने शानदार सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनल, कमान और स्टाफ से जुड़ी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है.
फाइटर जेट्स के माहिर पायलट और कमान संभालने का लंबा अनुभव
एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया भारतीय वायुसेना के बेहद अनुभवी लड़ाकू पायलटों में गिने जाते हैं. उनके पास विभिन्न प्रकार के लड़ाकू विमानों में 3,200 घंटे से अधिक उड़ान का लंबा अनुभव है. उन्होंने मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई जैसे देश के सभी प्रमुख लड़ाकू विमान उड़ाए हैं.
अपने करियर में उन्होंने अग्रिम मोर्चे के मिग-27 लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन, वायुसेना के प्रतिष्ठित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (टीएसीडीई) और रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम एयर फोर्स स्टेशन बरेली की कमान संभाली है. इसके अलावा वे एयर स्टाफ इंस्पेक्शन निदेशालय (डीएएसआई) के प्रमुख के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
रणनीतिक विशेषज्ञता, कूटनीतिक अनुभव और शानदार ट्रैक रिकॉर्ड
एयर मार्शल वालिया सिर्फ मैदान में ही नहीं, बल्कि सामरिक और कूटनीतिक मोर्चों पर भी अपनी महारत साबित कर चुके हैं. उन्होंने ब्रिटेन में एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स और बांग्लादेश में नेशनल डिफेंस कॉलेज का प्रतिष्ठित कोर्स पूरा किया है. इसके अलावा उन्होंने जापान और दक्षिण कोरिया में भारतीय दूतावासों में रक्षा अताशे (डिफेंस अताशे) के रूप में तैनात रहकर भारत के रक्षा संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई.
पढ़ाई-लिखाई के शौकीन एयर मार्शल वालिया के पास रक्षा और सामरिक अध्ययन में तीन स्नातकोत्तर (मास्टर) डिग्रियां हैं. उनकी उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2008 में ‘वायु सेना पदक’ (वीएम) और वर्ष 2018 में ‘अति विशिष्ट सेवा पदक’ (एवीएसएम) से सम्मानित किया जा चुका है.
वायुसेना नेतृत्व में नया दौर, आशुतोष दीक्षित बनेंगे नए वायुसेना प्रमुख
एयर मार्शल वालिया वायुसेना उप प्रमुख के पद पर एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जगह लेंगे. बता दें कि एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर 2026 को भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कमान संभालने जा रहे हैं. वहीं, मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 42 वर्षों तक देश और भारतीय वायुसेना की गौरवशाली सेवा करने के बाद 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं.