राहुल दुबे(रायपुर),
Raipur Gol Bazar: अगर आप कम बजट में अच्छे और लेटेस्ट डिजाइन के कपड़े खरीदना चाहते हैं, तो रायपुर का गोल बाजार आपके लिए एक बेहतरीन जगह है. शहर के इस पुराने और मशहूर बाजार में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के कपड़ों की कई दुकानें हैं. यहां किफायती दामों पर कपड़ों की खरीदारी करने के लिए रायपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंचते हैं. खास बात यह है कि बदलते फैशन के साथ यहां कपड़ों के डिजाइन और वैरायटी भी लगातार अपडेट होती रहती हैं.
47 साल से गोल बाजार की तरक्की देख रहे हैं आरिफ खान
गोल बाजार की पहचान यहां के पुराने व्यापारियों और उनके कारोबार से भी जुड़ी हुई है. स्थानीय व्यापारी आरिफ खान बताते हैं कि उन्होंने अपने जीवन में इस बाजार को लगातार बढ़ते हुए देखा है. उनके मुताबिक, पहले यहां करीब 150 से 200 दुकानें थीं, लेकिन अब बाजार में हजारों की संख्या में दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं.
आरिफ खान बताते हैं कि गोल बाजार में खरीदारी के लिए आसपास के राज्यों से भी लोग आते हैं. इनमें आंध्र प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के ग्राहक शामिल हैं. उनके मुताबिक, बाजार के दुकानदारों का व्यवहार और यहां मिलने वाले किफायती दाम इसकी सबसे बड़ी खासियत हैं.
महिलाओं के कपड़ों से लेकर पार्टी वियर तक की वैरायटी
गोल बाजार में कपड़ों की अलग-अलग वैरायटी ग्राहकों को आकर्षित करती है. यहां महिलाओं के लिए ड्रेस मटेरियल, कुर्ती, प्लाजो, शरारा-गरारा, पार्टी वियर और कैजुअल वियर जैसे कई विकल्प मिलते हैं. इसके अलावा बच्चों और पुरुषों के कपड़ों की दुकानें भी मौजूद हैं.
कपड़ा व्यापारी मोहम्मद यूसुफ मेमन बताते हैं कि उनका परिवार तीन पीढ़ियों से इस कारोबार से जुड़ा हुआ है. उनकी फर्म ‘आरिफ भाई कपड़े वाले’ में मुख्य रूप से महिलाओं के कपड़ों का व्यापार किया जाता है. उनके मुताबिक, गोल बाजार और मालवी रोड का यह इलाका कपड़ों की खरीदारी के लिए काफी प्रसिद्ध है.
आसपास के जिलों से भी खरीदारी करने पहुंचते हैं लोग
गोल बाजार में सिर्फ रायपुर के लोग ही खरीदारी करने नहीं आते, बल्कि छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से भी ग्राहक यहां पहुंचते हैं. व्यापारी मोहम्मद यूसुफ मेमन के अनुसार, कोंडागांव, धमतरी, कांकेर, दुर्ग और भिलाई जैसे इलाकों से लोग कपड़े खरीदने आते हैं. यहां बच्चों से लेकर बड़ों तक के कपड़ों के विकल्प उपलब्ध हैं. जो लोग मध्यम बजट में अच्छी खरीदारी करना चाहते हैं, उनके लिए यह बाजार एक पसंदीदा ठिकाना बना हुआ है. बाजार की पुरानी दुकानों और लंबे समय से कारोबार कर रहे व्यापारियों ने इसकी पहचान को मजबूत किया है.
पुराने बाजार में आज भी बरकरार है खरीदारी का आकर्षण
रायपुर का गोल बाजार अपनी पुरानी पहचान, कपड़ों की विविधता और किफायती खरीदारी के लिए जाना जाता है. यहां ग्राहकों को अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से कपड़े चुनने के कई विकल्प मिलते हैं. यही वजह है कि समय के साथ बाजार का विस्तार होने के बावजूद इसकी लोकप्रियता बनी हुई है.