बिहार में बना ऐसा धांसू म्यूजियम, आनंद महिंद्रा भी हुए फिदा, बोले- ये गेम चेंजर साबित होगा

बिहार में बना ऐसा धांसू म्यूजियम, आनंद महिंद्रा भी हुए फिदा, बोले- ये गेम चेंजर साबित होगा


Last Updated:

Bihar News: पटना का बिहार म्यूजियम दुनिया के 100 सबसे बेहतरीन म्यूजियम में 9वें नंबर पर पहुंच गया है. इस उपलब्धि पर उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी बिहार के मुरीद हो गए. उन्होंने म्यूजियम की तारीख कर दी. इस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उन्हें बिहार आने का न्योते दिया. जिसके जवाब में उन्होंने कहा- “आपके स्नेह भरे जवाब ने सचमुच दिल छू लिया.”

Zoom

आनंद महिंद्रा ने बिहार म्यूजियम की तारीफ की. (फोटो साभारः PTI, Bihar Museum Facebook)

पटनाः बिहार का एक म्यूजियम आज पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है. पटना के बिहार म्यूजियम ने दुनिया के बड़े-बड़े संग्रहालयों को पीछे छोड़ते हुए 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में 9वां स्थान हासिल किया. एशिया में इसे फर्स्ट रैंक मिली है. इस उपलब्धि से उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी काफी प्रभावित हैं. उन्होंने बिहार म्यूजियम की जमकर तारीफ की है. आनंद महिंद्रा का कहना है कि यह म्यूजियम भारत में संग्रहालयों को देखने का अनुभव बदल सकता है. यह देश के दूसरे म्यूजियम के लिए भी एक नया स्तर तय करेगा. उन्होंने इसे गेम चेंजर बताया.

दुनिया के टॉप-10 म्यूजियम में बिहार म्यूजियम
अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल मैगजीन ‘वर्थ अ जर्नी’ की ओर से जारी 2026 की दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में पटना के बिहार म्यूजियम को 9वां स्थान मिला. यह एशिया का पहले नंबर का म्यूजियम बना है. खास बात यह है कि इस सूची में जगह बनाने वाला यह भारत का इकलौता म्यूजियम है. इसने पेरिस के लूव्र और न्यूयॉर्क के मेट म्यूजियम जैसे चर्चित संग्रहालयों को भी पीछे छोड़ दिया.

आनंद महिंद्रा ने की बिहार म्यूजियम की तारीफ
बिहार म्यूजियम की इस उपलब्धि पर आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रिएक्शन दिया था. उन्होंने इसे बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. आनंद महिंद्रा के मुताबिक, बिहार म्यूजियम को दुनिया में 9वां और एशिया में पहला स्थान मिलना बेहद शानदार है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि भारत में म्यूजियम की दुनिया में नए दौर की शुरुआत करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार म्यूजियम ने देश के दूसरे संग्रहालयों के लिए एक नया स्तर तय किया है. इससे भारत में म्यूजियम देखने का अनुभव बदल सकता है.

सीएम सम्राट चौधरी का न्योते पर आनंद महिंद्रा का रिप्लाई.

CM सम्राट के न्योते पर दिया जवाब
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आनंद महिंद्रा की पोस्ट पर बिहार की ओर से आभार जताया और उन्हें बिहार आने का न्योता दिया. इसके जवाब में आनंद महिंद्रा ने लिखा, ‘माननीय मुख्यमंत्री जी, आपके इतने स्नेह भरे और उत्साहपूर्ण जवाब ने सचमुच दिल छू लिया. बिहार संग्रहालय को लेकर आपका गर्व और लगाव भी बहुत अच्छा लगा. जब भी बिहार आने का अवसर मिलेगा, आपके निमंत्रण का लाभ जरूर उठाऊंगा. आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!’

2017 में खुला था म्यूजियम
पटना में बिहार म्यूजियम का निर्माण 2013 में शुरू हुआ था. इसे 2015 में आंशिक रूप से आम लोगों के लिए खोला गया और 2017 में पूरी तरह से शुरू कर दिया गया. यहां पाषाण काल से लेकर आधुनिक दौर तक बिहार के इतिहास को दिखाया गया है. संग्रहालय में प्राचीन मूर्तियां, दुर्लभ सिक्के, पांडुलिपियां और लोक कला से जुड़ी चीजें रखी गई हैं. बिहार म्यूजियम की सबसे चर्चित धरोहरों में मौर्य काल की दीदारगंज यक्षी की मूर्ति भी शामिल है.



Source link