Last Updated:
Naseeruddin Shah Vs Gajendra Chauhan: नसीरुद्दीन शाह के एक बयान ने मनोरंजन जगत में नई बहस छेड़ दी है. खुद को ‘दिमागी नक्सल’ बताने वाले एक्टर को अब गजेंद्र चौहान ने खुली चुनौती दी है. गजेंद्र चौहान ने नसीरुद्दीन शाह के सरकार विरोधी बयानों पर सवाल उठाते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतरने की नसीहत दी. साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि अगर शाह चुनाव लड़ते हैं तो वह भी उनके खिलाफ ताल ठोकेंगे.
गजेंद्र चौहान ने नसीरुद्दीन शाह के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के दो दिग्गज कलाकारों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने हाल ही में एक वीडियो के जरिए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे. उन्होंने खुद को गर्व से ‘दिमागी नक्सल’ बताते हुए छात्र आंदोलनों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उनके इस बयान पर अब एक्टर गजेंद्र चौहान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को सीधे चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली है. इतना ही नहीं, नसीरुद्दीन ने यहां तक कह दिया कि अगर नसीरुद्दीन शाह चुनाव मैदान में उतरते हैं तो वह उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगे और उन्हें हराकर दिखाएंगे. गजेंद्र चौहान के इस बयान के बाद दोनों स्टार्स के बीच विवाद चर्चा में आ गया है.
गजेंद्र चौहान ने नसीरुद्दीन शाह के बयान पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें राजनीति के मैदान में उतरने की सलाह दी है. समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में चौहान ने कहा कि अगर शाह को सरकार का विरोध करना है तो उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘अगर आपको सरकार का इतना विरोध करना है तो चुनाव क्यों नहीं लड़ते? चुनाव लड़िए.’
‘जहां से चुनाव लड़ेंगे, मैं हराकर दिखाऊंगा’
गजेंद्र चौहान यहीं नहीं रुके. उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को सीधी चुनौती देते हुए कहा ‘मैं आपको चुनौती देता हूं कि आप जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, मैं आपके खिलाफ चुनाव लड़ूंगा और आपको हराकर दिखाऊंगा.’ उन्होंने ये भी बताया कि वह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं और पार्टी से अनुरोध करेंगे कि अगर नसीरुद्दीन शाह कहीं से चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें उनके खिलाफ उम्मीदवार बनाया जाए. उन्होंने कहा कि देश ने नसीरुद्दीन को एक कलाकार के तौर पर बहुत सम्मान और इज्जत दी है, लेकिन उनके बयानों से वह सम्मान प्रभावित हुआ है.
नसीरुद्दीन शाह ने खुद को बताया था ‘दिमागी नक्सल’
दरअसल, नसीरुद्दीन शाह ने हाल ही में फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया था. इसमें उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और छात्र आंदोलनों से निपटने के तरीके पर सवाल उठाए. अभिनेता ने खुद को गर्व से ‘दिमागी नक्सल’ बताया. वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि सरकार के आलोचकों को और किन-किन नामों से पुकारा जाएगा.
सरकार पर उठाए थे सवाल
नसीरुद्दीन शाह ने अपने वीडियो में युवाओं, शिक्षा व्यवस्था और लोकतंत्र को लेकर चिंता जाहिर की. उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार देश के युवाओं का हौसला तोड़ने, शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और लोकतंत्र को खतरे में डालने के लिए और क्या करेगी. उन्होंने कहा कि युवाओं का साहस नहीं टूटेगा और शिक्षा व्यवस्था के साथ लोकतंत्र भी कायम रहेगा.
JNU, SRFTI और जामिया के छात्रों का किया जिक्र
अपने वीडियो में नसीरुद्दीन शाह ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) और जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रों से जुड़े घटनाक्रमों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ जो व्यवहार किया जा रहा है, उसे याद रखा जाएगा. नसीरुद्दीन शाह ने जामिया के प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में भी अपनी बात रखी. यहां छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है. उन्होंने अपने वीडियो में छात्रों के हौसले और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर सवाल उठाए थे. उनके इसी बयान के बाद राजनीतिक और मनोरंजन जगत से प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं.
बयान पर पहले भी आ चुकी हैं प्रतिक्रियाएं
नसीरुद्दीन शाह के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर सिर्फ गजेंद्र चौहान ने ही प्रतिक्रिया नहीं दी है. इससे पहले एक्टर पुनीत इस्सर ने भी उनके बयान पर नाराजगी जाहिर की थी. वहीं, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी नसीरुद्दीन की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी थी.