Last Updated:
Ujjain News: उज्जैन में सीवरेज की बदहाल व्यवस्था और घरों में गंदा पानी भरने की शिकायतों पर महापौर मुकेश टटवाल का गुस्सा फूट पड़ा. अधिकारियों की बैठक में जमकर फटकार लगाई. कहा कि दफ्तरों में बैठने के बजाय मैदान में उतरकर जनता की समस्याओं का समाधान करें.
उज्जैन में सीवरेज और गंदे पानी की समस्याओं पर बात करते हुए अधिकारी.
उज्जैन. उज्जैन में सीवरेज की समस्याओं को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों पर अब महापौर मुकेश टटवाल ने सख्त रुख अपनाया है. नगर निगम और सीवरेज प्रोजेक्ट के अधिकारियों की बैठक में महापौर ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई. उन्होंने दो टूक कहा कि बैठक का उद्देश्य अधिकारियों की सफाई सुनना नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान कराना है. महापौर ने निर्देश दिए कि अधिकारी दफ्तरों में बैठकर समीक्षा करने के बजाय सीधे मैदान में उतरें और नागरिकों की परेशानियों को दूर करें.
दरअसल, उज्जैन के कई इलाकों में सीवरेज का गंदा पानी घरों में वापस भरने और चैंबर ओवरफ्लो होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. हालात ऐसे हैं कि परेशान होकर कुछ लोगों ने अपने घरों के पास बने सीवरेज चैंबर और पाइप तक तोड़ दिए हैं. इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने अधिकारियों से सवाल किया कि हाउस कनेक्शन होने के बावजूद सीवरेज का पानी आगे क्यों नहीं जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर कनेक्शनों की जांच करें और समस्या की असली वजह पता लगाकर उसका निराकरण करें.
महापौर ने बुधवारिया क्षेत्र की एक गली का जिक्र करते हुए बताया कि वहां सीवरेज का पानी भरने से बच्चों की तबीयत खराब होने की शिकायत मिली है. पार्षदों और आम नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई. महापौर ने कहा कि शिकायतकर्ताओं को एक नंबर से दूसरे नंबर पर भेजने के बजाय संबंधित अधिकारी सीधे उनकी समस्या सुनें और जिम्मेदारी के साथ उसका समाधान करें.
गड्ढों की मरम्मत को लेकर उठे मुद्दे
सीवरेज लाइन बिछाने के बाद सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत नहीं होने का मुद्दा भी बैठक में उठा. महापौर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि पहले पुराने काम पूरे किए जाएं, उसके बाद ही नए काम शुरू हों. उन्होंने सीवरेज चैंबर के आसपास बने गड्ढों को भरने, अधूरे हाउस कनेक्शन पूरे करने और ओवरफ्लो की समस्या दूर करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. साथ ही त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन और गंदगी से जुड़ी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए भी जरूरी इंतजाम करने को कहा.
सीवरेज व्यवस्था की निगरानी
महापौर ने वार्ड और जोन स्तर पर सीवरेज व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि अधिकारी संबंधित पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करें और समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें. बैठक में जल कार्य एवं सीवरेज विभाग के प्रभारी प्रकाश शर्मा, अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय सहित निगम के अन्य अधिकारी, एमआईसी सदस्य और सीवरेज प्रोजेक्ट के कंसल्टेंट मौजूद रहे.