Last Updated:
OP Rajbhar Statement on MLC Result: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य में 11 सीटों पर हुए एमएलसी चुनाव में विपक्षी समाजवादी पार्टी के 5 उम्मीदवारों के जीतने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. एनडीए के घटक दल सुभासपा के प्रमुख ओपी राजभर ने उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य को चिंतन करने की सलाह दे दी है. हालांकि ओपी राजभर ने यह भी कहा है कि यह चुनाव पढ़े लिखे लोगों का था. जब विधानसभा चुनाव होंगे तब पढ़े लिखे लोग नहीं, बल्कि आम जनता वोट डालने बूथ पर आएंगे.
यूपी MLC चुनाव में बीजेपी को खास सफलता नहीं मिलने पर ओपी राजभर ने तंज कसा है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव में सत्ताधारी बीजेपी को अपेक्षा के अनुरूप सफलता नहीं मिलने पर राज्य के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने हैरान करने वाला बयान दिया है. ओपी राजभर ने एमएलसी चुनाव रिजल्ट को लेकर बीजेपी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को आईना दिखाया है. यूपी चुनाव 2027 से पहले संजय निषाद के बाद ओपी राजभर का बयान गौर करने लायक है.
ओपी राजभर ने बोले- केशव मौर्य चिंता नहीं चिंतन करें
एमएलसी चुनाव रिजल्ट पर पत्रकारों से बातचीत में ओपी राजभर ने कहा- ‘ये पढ़े लिखे लोगों का जनादेश है. जो जनादेश आया है हम उसका स्वागत करते हैं.’ वाराणसी में सपा के उम्मीदवार की जीत पर राजभर ने कहा- ‘ये पढ़े लिखे लोगों का वोट है, ये आम जनता का वोट नहीं है.’ उन्होंने यह भी कहा कि सपा ने वाराणसी की दोनों सीटों जीतकर कौन सा तीर मार लिया है.
सुभासपा प्रमुख ने कहा कि जब विधानसभा के चुनाव होंगे तब यही पढ़े लिखे लोग वोट देने नहीं जाएंगे. बूथ पर आम मतदाता ही दिखेगा. इस प्रदेश का यही इतिहास है. उन्होंने आरोप लगाया कि मौलवियों और मौलानाओं ने बोरे में भर-भर कर मुसलमानों का वोट कांग्रेस तक पहुंचाए. आजादी के समय 38 फीसदी मुसलमान सरकारी नौकरियों में थे, आज एक फीसदी भी नहीं है. ये मौलवी, मौलाना और मदनी जैसे लोग जब पार्टियों को वोट दिलाते हैं तो अपने हक की डिमांड क्यों नहीं करते हैं. ये केवल बहाकार मुसलमानों का वोट लेना चाहते हैं. ओपी राजभर से पूछा गया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एमएलसी चुनाव में सपा की जीत पर चिंता व्यक्त की है. इसपर उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि केशव मौर्य चिंता नहीं चिंतन करें. इस चुनाव परिणाम की समीक्षा करने की जरूरत है.
ये शिक्षित और योग्य लोगों का चुनाव है: केशव प्रसाद मौर्य
वहीं एमएलसी चुनाव रिजल्ट पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- ‘ये चुनाव जो है, बहुत ही शिक्षित और योग्य लोगों के मताधिकार के आधार पर होता है. बीजेपी ने अपने पिछले प्रदर्शन को दोहराया है. हम लोग और अधिक सीटें जीतने की अपेक्षा कर रहे थे, उतनी सीटें नहीं आई है. वो भी देखेंगे कि जहां सपा का खाता नहीं खुलना चाहिए था वहां कैसे खुल गया. विचार करेंगे कि आगे जब चुनाव होंगे तो बीजेपी फिर से जीते.’
उन्होंने यह भी दोहराया कि 2027 में एक बार फिर से बीजेपी सत्ता में आएगी. यूपी में साइकिल पंचर है और पंचर ही रहेगा.
वाराणसी में सपा की जीत पर बोले अजय राय- ‘बीजेपी घिर गई है’
वहीं एमएलसी चुनाव रिजल्ट पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा- ‘मैं बीजेपी के नेताओं से यही कहना चाहूंगा, क्या वे 2024 भूल गए. मैं बस इतना कहूंगा कि भारतीय जनता पार्टी अब पूरी तरह से घिर गई है. इन दो MLC चुनावों के नतीजों से पता चलता है कि मोदी असल में वाराणसी में 2024 का चुनाव हार गए थे. उन्हें केवल गलत काम और चोरी से जिताया गया था. जनता ने साफ कह दिया है. उन्होंने एमएलसी चुनावों में जीत दिलाई है और भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से खत्म हो गई है.’
यूपी की 11 सीटों में सपा 5 जीती
उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर हुए बिहार विधान परिषद चुनाव में बीजेपी ने 6 और सपा ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है.
- वाराणसी स्नातक: आशुतोष सिन्हा, सपा
- लखनऊ स्नातक: कांति सिंह, सपा
- आगरा शिक्षक: डॉ. आकाश अग्रवाल, सपा
- वाराणसी शिक्षक: लाल बिहारी यादव, सपा
- इलाहाबाद-झांसी स्नातक: डॉ. मान सिंह यादव, सपा
- आगरा स्नातक: डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, भाजपा
- मेरठ स्नातक: दिनेश कुमार गोयल, भाजपा
- लखनऊ शिक्षक: उमेश द्विवेदी, भाजपा
- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक: ध्रुव कुमार त्रिपाठी, भाजपा
- बरेली-मुरादाबाद शिक्षक: डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, भाजपा
- मेरठ शिक्षक: श्रीचंद शर्मा, भाजपा
ओपी राजभर से पहले संजय निषाद ने भी दिखाए तेवर
उत्तर प्रदेश में बीजेपी के साथ सरकार में शामिल निषाद पार्टी और सुभासपा दोनों के सुर बदलते दिख रहे हैं. संजय निषाद ने अपने समाज के लिए आरक्षण की मांग को लेकर दिल्ली में बड़ी रैली कर चुके हैं. उसमें उन्होंने खुले तौर पर कहा था कि अगर बीजेपी उनके आरक्षण की मांग को पूरा नहीं करती है तो उन्हें दूसरे दरवाजे की तरफ देखना होगा. अब एमएलसी चुनाव में सपा के पांच सीटें जीतने के बाद ओपी राजभर उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य को चिंतन करने की सलाह दे रहे हैं. यहां याद करा दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ा था.