नई दिल्ली (Microsoft Voluntary Exit Offer Analysis). कॉर्पोरेट जगत में जब भी दिग्गज कंपनी अपने कर्मचारियों के लिए अचानक कोई बड़ा कदम उठाती है तो पूरी इंडस्ट्री में हलचल मच जाती है. हाल ही में सॉफ्टवेयर दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने ग्लोबल स्तर पर करीब 60,000 कर्मचारियों के लिए Voluntary एग्जिट ऑफर पेश करके हलचल मचा दी है. इस योजना के तहत कंपनी अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ने वालों को आकर्षक पैकेज, हेल्थ इंश्योरेंस और करियर ट्रांजिशन में मदद जैसी कई सुविधाएं दे रही है.
कंपनी ‘एग्जिट ऑफर’ क्यों लाती है?
जब प्रॉफिट कमाने वाली कोई बड़ी टेक कंपनी भी वॉलंटरी एग्जिट या बायआउट प्लान लाती है तो इसके पीछे मुख्य वजह बिजनेस प्रायोरिटी में बदलाव होता है. आज-कल कंपनियां ट्रेडिशनल सॉफ्टवेयर रोल्स से हटकर AI, ऑटोमेशन और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से फोकस कर रही हैं. अपनी लागत (Cost Cutting) को कंट्रोल करने और वर्कफोर्स को नए जमाने की टेक्नोलॉजी के मुताबिक ढालने के लिए कंपनियां कर्मचारियों को खुद नौकरी छोड़ने का विकल्प देती हैं. इससे भविष्य में जबरन छंटनी से बचा जा सकता है.
सेवरेंस पैकेज और फाइनेंशियल सिक्योरिटी का करें आकलन
माइक्रोसॉफ्ट जैसे ऑफर्स में आमतौर पर हर साल की सेवा के बदले एक महीने की बेसिक सैलरी, कई महीनों तक स्टॉक वेस्टिंग का जारी रहना और हेल्थ इंश्योरेंस जैसी सुरक्षा मिलती है. अगर आपकी कंपनी ऐसा ऑफर देती है तो सबसे पहले अपने बैंक बैलेंस और सेविंग्स का गणित लगाएं. चेक करें कि यह सेवरेंस पैकेज आपको अगले 6 महीने से 1 साल तक बिना किसी आर्थिक तनाव के नई नौकरी तलाशने या खुद का काम शुरू करने का मौका देता है या नहीं.
क्या आपके पास तुरंत स्विच करने का प्लान है?
बिना किसी ठोस प्लान के केवल जोश में आकर एग्जिट ऑफर स्वीकार कर लेना बहुत बड़ा रिस्क साबित हो सकता है. अगर आपके पास मार्केट में डिमांड वाली स्किल्स (जैसे AI, डेटा साइंस, एडवांस्ड क्लाउड) हैं और आपको पूरा भरोसा है कि आप कुछ ही हफ्तों में दूसरी बेहतर नौकरी ढूंढ लेंगे तो यह ऑफर बेहतरीन मौका बन सकता है. लेकिन अगर बाजार में मंदी है या आपकी स्किल्स पुरानी हो चुकी हैं तो सुरक्षित रास्ते पर चलना ही समझदारी है.
ऑफर ठुकराने पर क्या भविष्य में छंटनी का खतरा रहता है?
यह सवाल हर एंप्लॉई के मन में आता है. कई बार कंपनियां साफ कहती हैं कि जो लोग यह ऑफर नहीं स्वीकार करेंगे, वे अपनी मौजूदा भूमिका में बने रह सकते हैं. हालांकि, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर कंपनी का लागत घटाने का लक्ष्य पूरा नहीं होता है तो भविष्य में वह सख्त कदम या लेऑफ कर सकती है, इसलिए अपने मैनेजर और टीम का भविष्य भांपते हुए अंदाजा लगाएं कि आपकी वर्तमान पोजीशन कंपनी के लिए कितनी जरूरी है.
मानसिक शांति और करियर के नए रास्ते की तलाश
कई बार कॉर्पोरेट की अंधी दौड़, टॉक्सिक वर्क कल्चर या एक ही जगह लंबे समय तक काम करने से उपजा ठहराव (Stagnation) इंसान को अंदर से थका देता है. अगर आप लंबे समय से करियर में बदलाव, कोई नया स्टार्टअप शुरू करने या किसी अन्य सेक्टर में हाथ आजमाने की सोच रहे थे तो ऐसा फाइनेंशियल पैकेज ‘सेफ्टी नेट’ का काम कर सकता है. ऐसे में पैसों के साथ-साथ अपनी मेंटल पीस को भी प्राथमिकता दें.