Last Updated:
Saraikela News: सरायकेला में तीन साल पहले 30 लाख का सोना लूटा गया था. उसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था. आखिरकार पुलिस ने आरोपी को बिहार से धरदबोचा. वह वैशाली की रहने वाला है. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी. आरोप है उसने ज्वेलरी शॉप पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस उसकी क्राइम कुंडली खंगाल रही है.
झारखंड सोना लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार किया गया.
सरायकेलाः झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में करीब तीन साल पहले हुए सोना लूटकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली. आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप से करीब 30 लाख रुपये का सोना लूटने के मामले में फरार आरोपी को बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार किया गया. आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सुरेश राय उर्फ नायडू यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेदु के रूप में हुई. वह वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर का रहने वाला है.
ज्वेलरी शॉप से 545 ग्राम सोना लूटा था
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 6 अगस्त 2023 की सुबह गम्हरिया लाल बिल्डिंग के पास स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स में लूट हुई थी. अपराधी दुकान से करीब 545 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए थे. उस समय लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये थी. मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 243/2023 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी.
लगातार बदल रहा था ठिकाना
जांच के दौरान सुरेश राय का नाम सामने आया था. इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था. पिछले चार-पांच महीनों से पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और खुफिया जानकारी जुटा रही थी. इसी आधार पर गठित पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर को बिहार के वैशाली जिले के कंचनपुर में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
लूट में शामिल दूसरे आरोपियों की तलाश
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने लूटकांड में अपनी और अन्य अपराधियों की संलिप्तता स्वीकार की है. हालांकि, मामले में आगे की जांच जारी है. पुलिस लूट में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ लूटे गए सोने का पता लगाने में जुटी है. इसके अलावा गिरफ्तार आरोपी से जुड़े अन्य कथित आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है.