Last Updated:
Israel Election Live News: इजरायल के चुनाव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का गठबंधन 53 सीटों के साथ आगे चल रहा है, जबकि विपक्षी गठबंधन को 48 सीटें मिलने का अनुमान है. 120 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए 61 स…और पढ़ें
इजराइल चुनाव रिजल्ट: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू.
इजरायल के चुनाव नतीजों में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का गठबंधन आगे चल रहा है, लेकिन सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत अब तक नहीं मिला है. करीब 90 फीसदी मतों की गिनती के बाद सामने आए शुरुआती आंकड़ों में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिली हैं, जबकि गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को 48 सीटें मिलती दिख रही हैं. इजरायल की संसद में कुल 120 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सीटों की जरूरत है. ऐसे में मुकाबला अभी खुला हुआ है. अरब दलों को 19 सीटें मिलने का अनुमान है, जिससे नई सरकार बनाने में उनकी भूमिका अहम हो सकती है.
नेतन्याहू आगे, लेकिन सरकार बनाना आसान नहीं
इजरायल की केंद्रीय चुनाव समिति के स्थानीय समय के अनुसार रात 11:35 बजे जारी आंकड़ों में नेतन्याहू का गठबंधन विपक्ष से आगे था. ये आंकड़े करीब 90 फीसदी मतों की गिनती पर आधारित थे. हालांकि, किसी भी पक्ष को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिख रहा. नेतन्याहू के विरोधी दल उन्हें सत्ता से हटाने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन विपक्ष के भीतर मतभेद उनकी राह मुश्किल कर सकते हैं. विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट ने चुनाव नतीजों को नेतन्याहू सरकार के खिलाफ अविश्वास का संकेत बताया है. उन्होंने देश की राजनीति में बदलाव लाने की बात कही है.
सरकार बनाने के लिए अरब दल अहम
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, अरब दलों को 19 सीटें मिल सकती हैं. बहुमत से दूर दोनों गठबंधनों के लिए ये सीटें अहम साबित हो सकती हैं. विपक्षी दलों के बीच नई सरकार बनाने को लेकर बातचीत की तैयारी हो रही है. हालांकि, अरब दलों को साथ लेने के मुद्दे पर विपक्ष के सभी नेता एक राय नहीं रखते. इससे सरकार बनाने की कोशिशों में मुश्किल आ सकती है. इजरायल की वामपंथी पार्टी ‘द डेमोक्रेट्स’ के नेता यायर गोलान ने कहा है कि वह नई सरकार बनाने की संभावनाओं पर चर्चा के लिए विपक्षी नेताओं से मिलेंगे. उनकी योजना रविवार तक गादी आइजेनकोट और यायर लैपिड समेत दूसरे नेताओं से बातचीत करने की है.
गोलान ने कहा कि विपक्षी नेताओं का साझा लक्ष्य इजरायल के लोगों में उम्मीद जगाना है. वह विपक्षी गठबंधन के उन नेताओं में शामिल हैं, जो सरकार में अरब दलों को शामिल करने का खुलकर समर्थन करते हैं.
ट्रंप ने नेतन्याहू की चुनावी बढ़त का श्रेय लिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के चुनाव में नेतन्याहू के प्रदर्शन का श्रेय खुद को भी दिया है. बुधवार को समाचार वेबसाइट एक्सियोस से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि उनके समर्थन से नेतन्याहू की स्थिति बेहतर हुई. ट्रंप ने यह भी कहा कि वह इजरायल में साझा सरकार बनाने की कोशिशों में दखल देने पर विचार कर सकते हैं. शुरुआती नतीजों के आधार पर उन्होंने नेतन्याहू को अच्छी स्थिति में बताया, हालांकि उनके गठबंधन को भी बहुमत नहीं मिला है.
October 29, 202610:54 IST
Israel Election LIVE: जॉइंट लिस्ट को मिली 19वीं सीट, राम पार्टी करीब 1,200 वोटों से पीछे
इजरायल चुनाव लाइव: द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, केंद्रीय चुनाव आयोग के सुबह 5:57 बजे तक के आधिकारिक आंकड़ों में जॉइंट लिस्ट को 19वीं सीट मिल रही है. यह सीट दोनों पार्टियों के बीच हुए वोटों के समझौते के आधार पर तय हुई है. राम पार्टी इस सीट को हासिल करने से करीब 1,200 वोट पीछे रह गई.
October 29, 202610:25 IST
Israel Election LIVE: नेतन्याहू को सत्ता से हटाने में अरब पार्टियां बन सकती हैं मददगार
इजरायल चुनाव लाइव: द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, अरब पार्टियां प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से हटाने में विपक्ष की मदद कर सकती हैं. अगर गादी आइजेनकोट का गठबंधन अरब पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने की कोशिश करता है, तो दोनों के पास मिलाकर 61 सीटों का बहुमत हो सकता है. हालांकि, अरब पार्टियों के साथ मिलकर काम करने को लेकर विपक्ष के भीतर राजनीतिक विरोध एक बड़ी चुनौती बना हुआ है.
October 29, 202609:38 IST
Israel Election LIVE: नेतन्याहू के गठबंधन को बहुमत नहीं, चुनावी नतीजों के बीच शेयर बाजार और शेकेल कमजोर
इजरायल चुनाव लाइव: समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, शुरुआती चुनावी नतीजों के बाद बुधवार को इजरायल की करेंसी शेकेल, शेयर बाजार और बॉन्ड में गिरावट दर्ज की गई. करीब 86% वोटों की गिनती के बाद इजरायली मीडिया के अनुमान में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन को 53 सीटें मिलने की बात कही गई, जबकि गादी आइजेनकोट के विपक्षी गठबंधन को 48 सीटें मिलने का अनुमान था. इजरायल की 120 सीटों वाली संसद में सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत है.
October 29, 202608:35 IST
Israel LIVE: नेतन्याहू के चीफ ऑफ स्टाफ इडो नॉर्डन की हो सकती है छुट्टी, PMO ने रिपोर्ट को गलत बताया
इजरायल लाइव: चैनल 13 की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपने कार्यवाहक चीफ ऑफ स्टाफ इडो नॉर्डन के काम से खुश नहीं हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि नॉर्डन को कई बैठकों से दूर रखा गया है और नेतन्याहू उनके बदले किसी दूसरे व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं. हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस रिपोर्ट को गलत बताया है. नॉर्डन ने अप्रैल में जिव एग्मोन की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी. एग्मोन ने लिकुड पार्टी के मिजराही मूल के नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के बाद इस्तीफे की पेशकश की थी.
October 29, 202607:23 IST
Israel Election LIVE: इजरायल में डबल लिफाफे वाले वोटों की गिनती शुरू
इजरायल चुनाव लाइव: इजरायल के केंद्रीय चुनाव आयोग ने डबल लिफाफे वाले वोटों की गिनती शुरू कर दी है. इनमें मुख्य रूप से IDF सैनिकों के साथ कैदी, मेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों वाले लोग और विदेशों में तैनात इजरायली प्रतिनिधियों के वोट शामिल हैं. आयोग के मुताबिक, 12,018 नियमित मतदान केंद्रों में से 11,712 के वोटों की गिनती के नतीजे प्रोसेस हो चुके हैं. बाकी केंद्रों पर सामान्य जांच की प्रक्रिया जारी है.