आग का गोला बनी नाव, नदी में बहने लगी… जान की परवाह किए बिना आग में कूदे 2 अफसर


Last Updated:

केरल के कोझिकोड में एक मछली पकड़ने वाली नौका में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि नौका को बांधने वाली रस्सी टूट गई और वह नदी में बहने लगी. ऐसे में दमकलकर्मियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई.

Top Deals Inside

आग का गोला बनी नाव, नदी में बहने लगी... फिर आग में कूदे दो अफसरZoom

जलती नाव तक तैरकर पहुंचे दमकलकर्मी

कोझिकोड: केरल के कोझिकोड में गुरुवार सुबह एक मछली पकड़ने वाली नौका में अचानक आग लग गई. यह नौका पुराने फारूक पुल के नीचे खड़ी थी. आग इंजन और ईंधन टैंक तक पहुंच गई. तभी नौका को बांधने वाली रस्सी टूट गई. जलती हुई नौका नदी में बहने लगी. ऐसे में दमकलकर्मियों के लिए आग बुझाना मुश्किल हो गया. चलिए जानते हैं कि आखिर आग पर कैसे काबू पाया गया…

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इससे अग्निशमनकर्मियों के सामने आग बुझाने की चुनौती और बढ़ गई. अधिकारियों के मुताबिक, ‘आरजे’ नाम की नौका को बांधने वाली रस्सी में आग लगने के बाद वह टूट गई, जिससे नौका बहने लगी. नौका के लगातार खिसकने के कारण आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई.

दमकल गाड़ियों से बुझाई आग

स्थिति को संभालने के लिए अग्निशमन एवं बचाव सेवा के कर्मियों ने दो दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया. इनमें से एक गाड़ी को पुल पर खड़ा कर नौका पर पानी की बौछार की गई. हालांकि, नौका के बहते रहने से आग बुझाने का अभियान आसान नहीं रहा.

तैरकर नौका तक पहुंचे अधिकारी

इसके बाद दो अग्निशमन अधिकारी रस्सियां लेकर नदी में उतरे और तैरकर जलती हुई नौका तक पहुंचे. उन्होंने रस्सियों की मदद से नौका को बांध दिया. इसके बाद अन्य कर्मियों की सहायता से नौका को खींचकर किनारे तक लाया गया. नौका किनारे पहुंचने के बाद चालक दल के सदस्यों ने उसमें रखा एलपीजी सिलेंडर बाहर निकाल लिया. अधिकारियों के अनुसार, फ्लोट पंप की मदद से आग को पूरी तरह बुझाया गया.

इंजन में आग लगने का शक

अधिकारियों को संदेह है कि आग नौका के इंजन में लगी थी. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है. समय रहते की गई कार्रवाई से आग को इंजन वाले हिस्से से आगे नौका के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया.अग्निशमन अभियान के दौरान पुलिस ने पुराने फारूक पुल पर यातायात को नियंत्रित किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए.



Source link