शिमला. हिमाचल प्रदेश में भी करवाचौथ की धूम है. शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, सोलन, मंडी समेत तमान शहरों में रौनक छाई रही. बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है. सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना के लिए करवाचौथ का व्रत रखने को लेकर उत्साहित हैं. पर्व के चलते बाजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है. हालांकि, हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम खराब हुआ है और सुबह सुबह बारिश हुई है. ऐसे में शाम को चांद का दीदार होने में महिलाओं को इंतजार भी करना पड़ सकता है.
शिमला में बुधवार को करवाचौथ को लेकर महिलाएं अपनी तैयारियों में जुट रही और बाजारों में कपड़ों, श्रृंगार के सामान और पूजा सामग्री की खरीदारी करती रही. मेहंदी लगवाने के लिए बाजारों सहित अन्य स्थानों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिली. स्थानीय महिलाओं के साथ-साथ शिमला घूमने पहुंचे पर्यटक भी इस पर्व को उत्साह के साथ मनाने की तैयारियों में जुटे हैं.
महिलाओं का कहना है कि करवाचौथ उनके लिए बेहद खास दिन होता है. यह पर्व पति-पत्नी के रिश्ते, प्रेम और आपसी विश्वास का प्रतीक है. महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के साथ-साथ परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं. यही वजह है कि इस पर्व को लेकर महिलाओं में हर साल खासा उत्साह देखने को मिलता है.
रिज मैदान पर लगेगी भीड़
शिमला के रिज मैदान पर करवाचौथ पर काफी भीड़ रहती है. यहां पर संजौली से लेकर विकासनगर समेत अन्य इलाकों से महिलाएं चांद का दीदार करने के लिए पहुंची हैं क्योंकि शिमला शहर में जाखू मंदिर के बाद सबसे पहले रिज मैदान पर ही चांद के दीदार होते हैं. यहां पर टूरिस्ट भी करवाचौथ सेलिब्रेट करने के लिए पहुंचते हैं.
कब होंगे चांद के दीदार
- शिमला में रात 8:04 बजे चांद निकलेगा. इस दौरान रिज मैदान पर काफी भीड़ रहेगा.
- सोलन जिले में रात 8:05 बजे चांद के दीदार होंगे.
- सिरमौर जिले के नाहन में रात 8:05 बजे चांद निकलेगा.
- ऊना में रात 8:07 बजे चांद निकलेगा और महिलाएं व्रत खोलेंगी.
- धर्मशाला में रात 8:08 बजे चांद निकलेगा. यहां टूरिस्ट भी करवाचौथ सेलिब्रेट करने के लिए पहुंचे हैं.
- हमीरपुर में रात 8:08 बजे.
- कुल्लू के भुंतर में रात 8:02 बजे
- लाहौल स्पीति के केलांग में रात 8:02 बजे
- चंबा: रात 8:10 बजे
28 अक्तूबर की रात 1:06 बजे से चतुर्थी तिथि शुरू हुई है और 29 अक्तूबर की रात 10:11 बजे तक रहेगी. सरगी ग्रहण करने का समय सुबह 3:30 बजे से 5:30 बजे तक है. पूजा के लिए शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक का समय निर्धारित है. करवा चौथ पर महिलाएं सुबह सरगी लेने के बाद व्रत रखती हैं. शाम के समय करवा माता की पूजा और व्रत कथा सुनने की परंपरा निभाई जाती है. उधर, हिमाचल टूरिज्म विभाग के होटलों में गेस्ट को करवाचौथ के चलते 10 फीसदी की स्पेशल छूट दी जा रही है.
आज हिमाचल में छुट्टी
हिमाचल प्रदेश में करवा चौथ पर सरकारी छुट्टी है और सरकार की ओर से हाल ही में इसका ऐलान किया गया था. करवाचौथ पर इससे पहले महिलाओं को ही छुट्टी रहती थी. लेकिन इस बार पुरुषों को भी लीव दी गई है और ऐसे में गुरुवार को स्कूल, कॉलेज से लेकर सभी सरकारी दफ्तर भी बंद हैं.