Last Updated:
Ayodhya Ram Mandir Darshan: अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर ट्रस्ट ने तत्काल और अग्रिम पास बुकिंग की विशेष सुविधा शुरू की है. अब भक्त घर बैठे आधिकारिक वेबसाइट से अपनी जानकारी दर्ज कर दर्शन स्लॉट बुक कर सकते हैं. इसके अलावा 90 दिन पहले बुकिंग का विकल्प भी उपलब्ध है.
Ayodhya Ram Mandir Darshan: अगर आप रामनगरी अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन-पूजन के लिए आ रहे हैं और तत्काल पास बनवाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विशेष श्रेणी के दर्शन और आरती के लिए पास प्राप्त करने की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित हो रही है. इसके लिए श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होता है. ऐसे में अगर आप भी राम मंदिर में दर्शन के लिए पास बनवाना चाहते हैं, तो ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी आपके काम आ सकती है.
दर्शन से पहले रखें नियमों की पूरी जानकारी
राम मंदिर में देश-विदेश से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. त्योहारों, छुट्टियों और विशेष अवसरों पर भक्तों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में दर्शन की योजना बनाने से पहले पास की उपलब्धता और उससे संबंधित नियमों की जानकारी रखना जरूरी है. श्रद्धालुओं को सलाह दी जाती है कि वे मंदिर ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर ही पास के लिए आवेदन करें.
कैसे बनवाएं तत्काल दर्शन पास?
अगर आप राम मंदिर में दर्शन के लिए तत्काल पास बनवाना चाहते हैं तो सबसे पहले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वेबसाइट पर उपलब्ध दर्शन या पास से संबंधित विकल्प को खोलें. यहां दर्शन और आरती से जुड़े विभिन्न विकल्प दिखाई दे सकते हैं. उपलब्ध विकल्पों में तत्काल पास का चयन करने के बाद मांगी गई जानकारी भरनी होगी.
आवेदन करते समय इन जानकारियों का रखें ध्यान
आवेदन के दौरान श्रद्धालु को अपना नाम, उम्र, पहचान पत्र से संबंधित विवरण और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा. सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने के बाद आवेदन को आगे बढ़ाएं. निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर उपलब्धता और नियमों के अनुसार पास जारी किया जा सकता है. आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि दर्ज की गई जानकारी सही है और पहचान पत्र का विवरण उससे मेल खाता है.
90 दिन पहले भी कर सकते हैं बुकिंग
दर्शन की योजना पहले से बनाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अग्रिम बुकिंग का विकल्प भी उपयोगी हो सकता है. उपलब्ध व्यवस्था के अनुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर पहले से पास बुक करने की सुविधा मिल सकती है. ऐसे में अयोध्या आने की तारीख तय होने पर श्रद्धालु वेबसाइट पर उपलब्ध तारीखों और स्लॉट की जानकारी देख सकते हैं. हालांकि 90 दिन पहले बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है.
पास बनवाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
राम मंदिर में दर्शन के लिए पास बनवाते समय सही मोबाइल नंबर और पहचान संबंधी जानकारी देना जरूरी है. आवेदन करने का अर्थ यह नहीं है कि पास निश्चित रूप से जारी हो जाएगा. पास की उपलब्धता, पात्रता, समय और मंदिर प्रबंधन के नियमों के अनुसार ही प्रक्रिया पूरी होगी. इसलिए किसी अनधिकृत वेबसाइट या एजेंट के बजाय ट्रस्ट के आधिकारिक माध्यम का ही इस्तेमाल करें.
श्रद्धालुओं और संतों ने की ट्रस्ट की व्यवस्था की सराहना
राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा दी गई इस सुविधा की अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी प्रशंसा की है. श्रद्धालुओं का कहना है कि यह सुविधा बहुत अच्छी रहेगी. वहीं साधु-संत भी इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं. देश के कोने-कोने से अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि अब किसी प्रकार हम लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी, घर बैठे हम लोग राम मंदिर में दर्शन का पास बना सकते हैं, ऐसी सुविधा बहुत अच्छी रहेगी. आसानी से प्रभु राम का दर्शन-पूजन भी हम लोग परिवार के साथ कर सकते हैं.