हमीरपुर. सेना के लिए ड्रोन बनाने वाले हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के पॉलीटेक्नीक कॉलेज बड़ू के छात्र सर्वेश शर्मा घायल हो गए हैं और उन्हें गंभीर हालत में पीजीआई के ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है. 28 अक्तूबर को सर्वेश अपने कॉलेज के हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिर गए थे. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दाखिल किया गया, जहां से फिर पीजीआई रेफर कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर शहर से करीब तीन किमी दूर बड़ू में बुधवार दोपहर करीब दो बजे यह घटना पेश आई है.
भोरंज की बाहनवी पंचायत के रहने वाल सर्वेश कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सत्र के छात्र हैं और हाल ही में उन्होंने करीब 87 हजार रुपये की लागत से ड्रोन तैयार किया था, जिसके बाद वह चर्चा में आए थे. फिलहाल, पुलिस भी मामले की जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि बुधवार को जब सर्वेश लंच करने के बाद अपने हॉस्टल लौटे तो कमरे की बालकनी में रेलिंग पर बैठे थे. इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए. उनके कमरे में अदंर से कुंडी लगी थी. अहम बात है कि जिस जगह पर सर्वेश गिरे, वहां पर कच्ची मिट्टी थी और इस कारण उन्हें कम चोट लगी. हालांकि, उनका जबड़ा है और टांग में कई फ्रैक्चर हुए हैं. जबड़े की सर्जरी के लिए उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि उनकी हालत स्थिर है, लेकिन जबड़े की सर्जरी की वजह से रेफर किया गया है.
सेना ने मांगी थी जानकारी
सूत्रों ने बताया कि एक दिन पहले मंगलवार को भारतीय सेना ने कॉलेज प्रबंधन को ईमेल भेजा था और सर्वेश शर्मा का नंबर मांगा था क्योंकि उनका पुराना नंबर बंद आ रहा है. कॉलेज ने सेना को वैकल्पिक नंबर दिया और सर्वेश को सूचित किया था. प्रिंसिपल से भी सर्वेश ने बुधवार को मुलाकात की थी. एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने बताया कि छात्र के बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं और जांच कर रही है. मेडिकल सुपरीटेंडेंट मेडिकल कॉलेज हमीरपुर देशराज शर्मा ने बताया कि छात्र सर्वेश को देर रात पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया है और मुंह में ज्यादा चोट लगने के चलते उसकी सर्जरी की जाएगा. देशराज शर्मा ने बताया कि दोनों टांगों में फ्रैक्चर है. उधर, संशय जताया जा रहा है मानसिक तौर पर सर्वेश परेशान चल रहा था.
हमीरपुर से कांग्रेस नेता और प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि हमीरपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रतिभावान छात्र सर्वेश शर्मा के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार पीड़ादायक है और उनके शीघ्र स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना करता हूं. बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखन पाल ने भी सर्वेश के जल्द ठीक होने की कामना की है.
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान सर्वेश.
87 हजार में बनाया था ड्रोन
हमीरपुर में बहुतकनीकी संस्थान में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर के छात्र सर्वेश शर्मा ने करीब 87 हजार रुपये की लागत से सेना के लिए ड्रोन तैयार किया था. उनके इस प्रोजेक्ट के बाद सेना की तरफ से करीब 3.87 करोड़ रुपये की फंडिंग मंजूर की गई थी. सर्वेश शर्मा को हिमाचल के राज्यपाल कविंदर गुप्ता सहित मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी बधाई थी. सर्वेश के पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं.