Last Updated:
हॉलीवुड के सुपरस्टार विन डीजल ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद दिल छू लेने वाला किस्सा फैंस के साथ शेयर किया है. उन्होंने बताया कि साल 1998 में आई फिल्म ‘सेविंग प्राइवेट रयान’ के लिए जब उन्हें अपनी एक्टिंग के लिए पहला पेचेक मिला था, तो उससे उन्होंने खुद पर खर्च करने के बजाय अपनी मां को यूरोप की सैर कराई थी. विन डीजल का यह भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
विन डीजल ने सालों पुराना बताया किस्सा. (फोटो: Intagram@vindiesel)
नई दिल्ली. हॉलीवुड के मशहूर एक्शन स्टार विन डीजल बड़े पर्दे पर अपनी शानदार अदाकारी और एक्शन के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने कई फिल्मों में अपने हुनर का जलवा बिखेरा है और यही वजह है कि दुनियाभर में उनकी फैन फॉलोइंग है. अब विन ने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक बेहद भावुक किस्सा शेयर किया है. उन्होंने ने बताया कि साल 1998 में आई वॉर फिल्म ‘सेविंग प्राइवेट रयान’ में काम करने के लिए जब उन्हें कमाई का पहला चेक मिला, तो उन्होंने उससे सबसे पहले अपनी मां के लिए यूरोप का टिकट खरीदा. उन्होंने बताया कि अपनी पहली कमाई से मां के इस सपने को पूरा करना उनके जीवन के सबसे यादगार और भावुक पलों में से एक था.
विन डीजल ने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट करते हुए बताया कि फिल्म के किरदार ‘कैपार्जो’ ने उन्हें अपनी मां के इस मंत्र की याद दिला दी. उन्होंने लिखा. कहा, ‘वर्दी पहने ब्रुकलिन का एक लड़का, द्वितीय विश्व युद्ध… उसने अपने पिता को घर के लिए एक खत लिखा था लेकिन वह उसे कभी भेज नहीं पाया. 29 साल पहले इस किरदार को निभाने के बाद मैं घर लौटा था. एक अभिनेता के तौर पर पैरामाउंट से मुझे अपना पहला चेक मिला था.’
विन डीजल ने मां के लिए खरीदा था यूरोप का टिकट
विन डीजल ने कहा, ‘मैं एक निर्देशक के तौर पर कान और सनडांस फिल्म फेस्टिवल में जा चुका था लेकिन तब मुझे कोई पैसे नहीं मिले थे. उस चेक से मैंने अपनी मां के लिए यूरोप का टिकट खरीदा, यह उनकी पहली यूरोप यात्रा थी. कैपार्जो के बारे में एक दिलचस्प बात है. वह एक ऐसे बच्चे की मदद करते हुए मारा गया, जिसकी मदद करने के लिए उसे किसी ने नहीं कहा था. मेरी मां भी बिल्कुल ऐसी ही हैं. उनका यही मंत्र है, खुद की मदद करने का सबसे अच्छा तरीका दूसरों की मदद करना है.’
विन डीजल ने फैंस के साथ शेयर किया इमोशनल नोट
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैंने उनसे पूछा कि आने वाले प्रोजेक्ट्स में से वह किसे देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हैं. जाहिर है, फिनाले को और ‘रिडिक’ को भी. उन्हें ‘एंटी-हीरो’ पसंद हैं. हमेशा से ही पसंद रहे हैं.’ डीजल ने कहा, ‘कॉल्डर, नए लाइकैन्थ्रोप्स (वेयरवोल्व्स) और स्कॉटिश लोककथाएं. ‘रॉक ‘एम सॉक ‘एम’. वह जानती हैं कि यह मेरे लिए कितना निजी है, इसे कहते हैं मल्टीटास्किंग! सनडांस को अब 30 साल हो जाएंगे. वह पार्क सिटी की उस कड़ाके की ठंड में भी वहां मौजूद थीं. कैपार्जो अपना खत कभी घर नहीं भेज पाया लेकिन यह खत मेरा है. उम्मीद है कि मैं आपको गौरवान्वित कर पाऊंगा.’
‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ फ्रैंचाइजी से मिली पहचान
बताते चलें कि विन डीजल को ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ फ्रैंचाइजी में डोमिनिक ‘डॉम’ टोरेटो का किरदार निभाने से काफी शोहरत मिली. उन्होंने शॉर्ट ड्रामा फिल्म ‘मल्टी-फेशियल’ और अपनी पहली फीचर फिल्म ‘स्ट्रेज’ को लिखा, निर्देशित किया, प्रोड्यूस किया और उनमें अभिनय भी किया. 1990 के दशक के आखिर में वह मशहूर हुए और 1998 में स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्म ‘सेविंग प्राइवेट रयान’ में नजर आने के बाद उन्हें पहली बार पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने ‘बॉयलर रूम’ और ‘द पैसिफायर’ जैसी व्यावसायिक रूप से सफल फिल्मों में काम किया.