Last Updated:
Pakistan News: पाकिस्तान के थारपारकर जिले में एक स्वास्थ्य केंद्र पर खड़ी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर बदलने के दौरान धमाका हो गया. आग लगने से गर्भवती महिला, एंबुलेंस चालक और स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों समेत 9 लोगों की मौत हो गई. हादसे में घायल लोगों को शुरुआती इलाज के बाद कराची भेजा गया. सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लंजर ने घटना का संज्ञान लिया है.
पाकिस्तान में एंबुलेंस में आग लगी. (Reuters)
Pakistan Ambulance Fire: पाकिस्तान का एक अस्पताल, जहां इलाज की उम्मीद में एक गर्भवती महिला पहुंची थी. उम्मीद तो थी कि वह वहां से अपने बच्चे को वापस लेकर लौटेगी, लेकिन उसे अपने बच्चे को देखना भी नसीब नहीं हुआ. एक एंबुलेंस में लगी आग में महिला की जान चली गई, इसके साथ ही 8 अन्य लोग भी मारे गए. पाकिस्तान के थारपारकर जिले में हुई इस दर्दनाक घटना ने कई परिवारों को उजाड़ दिया. यहां एक स्वास्थ्य केंद्र में खड़ी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर बदलने के दौरान धमाका हुआ. आग इतनी भयावह थी कि गर्भवती महिला, स्वास्थ्यकर्मियों और एंबुलेंस से जुड़े कर्मचारियों समेत 9 लोगों की जान चली गई. बचाव अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में से एक की कराची ले जाते समय मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़ गई.
ऑक्सीजन सिलेंडर बदलते वक्त हुआ धमाका
यह घटना थारपारकर के नगरपारकर इलाके में एक बेसिक हेल्थ यूनिट (BHU) प्लस स्वास्थ्य केंद्र में हुई. बचाव अधिकारियों के मुताबिक, एंबुलेंस पीपुल्स प्राइमरी हेल्थकेयर इनिशिएटिव (PPHI) की ओर से चलाई जाती थी. असिस्टेंट कमिश्नर नगरपारकर इरुम करीम नरेजो ने बताया कि एंबुलेंस स्वास्थ्य केंद्र में खड़ी थी, तभी उसमें विस्फोट हुआ. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उस समय एंबुलेंस के भीतर एक गर्भवती महिला मौजूद थी और कर्मचारी ऑक्सीजन सिलेंडर लगाने का काम कर रहे थे. इसी दौरान धमाके के बाद वाहन में आग लग गई. पुलिस के मुताबिक, मृतकों में PPHI का एक डिस्पेंसर, एंबुलेंस चालक, एक चौकीदार और एक अन्य कर्मचारी शामिल हैं. इससे पहले बचाव अधिकारियों ने मृतकों में गर्भवती महिला और दो तीमारदारों के शामिल होने की जानकारी भी दी थी.
महिला एंबुलेंस से बाहर न आ सकी
एंबुलेंस में आग इतनी तेज फैली कि महिला को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला. इस हादसे में दो दाइयां और स्वास्थ्य केंद्र में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी भी घायल हुईं. घायलों को शुरुआती इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए कराची भेजा गया.घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, बचाव दल और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. अधिकारियों के सामने मृतकों की पहचान तय करने और घायलों को समय पर इलाज दिलाने की चुनौती थी.
सिंध के गृह मंत्री ने लिया संज्ञान
सिंध के गृह एवं कानून मंत्री जियाउल हसन लंजर ने घटना का संज्ञान लिया और थारपारकर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) तथा डिप्टी कमिश्नर से जानकारी मांगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनके इलाज में देरी न हो. प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में ऑक्सीजन सिलेंडर के फटने की बात सामने आई है. विस्फोट की असली वजह का पता लगाने के लिए मीरपुरखास और कराची से विशेषज्ञ टीमों को बुलाया गया है. ये टीमें मौके से मिले सबूतों की जांच करेंगी. फिलहाल धमाके के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.