Last Updated:
Koffee With Karan 9: ‘कॉफी विद करण’ में जाह्नवी कपूर अपने बेबाक अंदाज को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. वरुण धवन के साथ शो में पहुंचीं एक्ट्रेस ने रैपिड-फायर राउंड के दौरान वीर पहाड़िया को लेकर ऐसा जवाब दिया, जिसने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी. जाह्नवी की डेटिंग सलाह सुनकर यूजर्स इसे वीर की एक्स गर्लफ्रेंड तारा सुतारिया से जोड़ने लगे. अब लोग कयास लगा रहे हैं कि क्या एक्ट्रेस ने इशारों-इशारों में पुराने कॉन्सर्ट विवाद पर निशाना साधा है. हालांकि, जाह्नवी ने किसी का नाम नहीं लिया.
जाह्नवी कपूर ने ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 9 में ये बात कही.
नई दिल्ली. बॉलीवुड में रिश्तों की चर्चा हो और करण जौहर के शो में कोई मजेदार खुलासा न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है. इस बार ‘कॉफी विद करण’ के काउच पर जाह्नवी कपूर का एक जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. शो में जाह्नवी ने वीर पहाड़िया को डेटिंग को लेकर ऐसी सलाह दी कि लोगों को तुरंत उनकी एक्स गर्लफ्रेंड तारा सुतारिया की याद आ गई. अब इंटरनेट पर कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या जाह्नवी की यह बात तारा पर तंज थी? हालांकि, एक्ट्रेस ने अपने जवाब में किसी का नाम नहीं लिया.
‘कॉफी विद करण’ के नए एपिसोड में जाह्नवी कपूर अपने ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के को-स्टार वरुण धवन के साथ पहुंचीं. शो के रैपिड-फायर राउंड में करण जौहर ने जाह्नवी से पूछा कि वह वीर पहाड़िया को डेटिंग के मामले में क्या सलाह देना चाहेंगी. इस पर जाह्नवी ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘उसे कभी कॉन्सर्ट में मत ले जाना.’
करण जौहर के शो में जाह्नवी कपूर का तंज?
जाह्नवी ने अपने जवाब की वजह नहीं बताई, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया के पुराने रिश्ते से जोड़ना शुरू कर दिया. कुछ लोगों का मानना है कि यह दिसंबर 2025 में हुए उस कॉन्सर्ट की ओर इशारा था, जिसके बाद तारा और वीर को लेकर खूब चर्चा हुई थी.
AP ढिल्लों के कॉन्सर्ट से जुड़ा है मामला
दरअसल, दिसंबर 2025 में तारा सुतारिया मुंबई में AP ढिल्लों के कॉन्सर्ट में उनके साथ स्टेज पर परफॉर्म करती नजर आई थीं. इस दौरान सामने आए एक वीडियो में सिंगर तारा को गले लगाते और उनके गाल पर किस करते दिखाई दिए. इसके बाद सोशल मीडिया पर वीर पहाड़िया के रिएक्शन को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं. कुछ यूजर्स ने दावा किया था कि वीडियो में वीर असहज नजर आए. हालांकि, वीर ने बाद में साफ किया था कि उनके रिएक्शन वाली क्लिप कॉन्सर्ट के किसी दूसरे हिस्से की थी. वहीं, तारा ने भी कथित तौर पर फैलाई जा रही गलत कहानियों और पेड पीआर कैंपेन पर नाराजगी जताई थी.
तारा और वीर का कब हुआ था ब्रेकअप?
आपको बता दें कि तारा और वीर ने 2025 की शुरुआत में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था. दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया और उनके इटली में छुट्टियां बिताने की खबरें भी आई थीं. जुलाई 2025 में दोनों ने इंस्टाग्राम पर अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था. हालांकि, करीब छह महीने बाद उनके अलग होने की खबरें सामने आने लगीं.