UP Election 2027: अमरोहा में 2022 में BJP-SP बराबर रहीं, चार सीटों पर किसका चलेगा जादू, जानें पिछली बार का पूरा चुनावी हिसाब

UP Election 2027: अमरोहा में 2022 में BJP-SP बराबर रहीं, चार सीटों पर किसका चलेगा जादू, जानें पिछली बार का पूरा चुनावी हिसाब


Amroha Assembly Election: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू होने लगी हैं. अमरोहा जिले में कुल 4 विधानसभा सीटें हैं. पिछली बार 2022 में यहां जिला स्तर पर दो-दो सीटें जीतकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच मुकाबला बराबरी का रहा. 15 अप्रैल 1997 को मुरादाबाद से अलग करके अमरोहा जिला बनाया गया था. अमरोहा को पहले ज्योतिबा फुले नगर के नाम से जाना जाता था और जिले की स्थापना के समय तीन तहसील बनाई गईं, जिसमें अमरोहा, धनौरा और हसनपुर थीं. वर्तमान में जिले में नवीन तहसील नौगावां सादात को मिलाकर 4 तहसील हैं यानी चार विधानसभा क्षेत्र हैं.

धनौरा में भाजपा ने सपा को पीछे छोड़ा

धनौरा विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, जहां वर्तमान में भाजपा के राजीव तरारा विधायक हैं. जिले के हसनपुर क्षेत्र से भाजपा के महेंद्र सिंह खड़गवंशी वर्तमान विधायक हैं. इसके अलावा नौगावां सादात क्षेत्र का प्रतिनिधित्व समाजवादी पार्टी के समरपाल सिंह और अमरोहा सीट का प्रतिनिधित्व महबूब अली कर रहे हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में धनौरा में राजीव तरारा ने समाजवादी पार्टी के विवेक सिंह को 11 हजार से अधिक वोटों से हराया था, जहां राजीव तरारा को कुल 1,03,054 वोट मिले. वहीं सपा के विवेक सिंह के खाते में 91,629 वोट आए. बसपा से हरपाल सिंह कुल 43,974 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे. यहां कांग्रेस ने भी समरपाल सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था, जिन्हें महज 1,385 वोट मिले.

नौगावां सादात में सपा का चला था जादू

नौगावां सादात में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार समरपाल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के देवेंद्र नागपात को साढ़े छह हजार से अधिक वोटों से हराया था. समरपाल सिंह को कुल 1,08,497 लोगों ने वोट दिया, जबकि भाजपा के देवेंद्र नागपात को 1,01,957 वोट मिले. 2022 में नौगावां सादात विधानसभा सीट पर कुल 12 उम्मीदवार थे, जिनमें बसपा के शादाब खान और कांग्रेस की रेखा रानी क्रमश: तीसरे और चौथे नंबर पर रहे.

हसनपुर में भाजपा की बड़ी जीत

हसनपुर विधानसभा सीट पर पिछली बार भाजपा के महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने समाजवादी पार्टी के मुख्य गुर्जर को 22 हजार से अधिक वोटों से मात दी थी. महेंद्र सिंह के पक्ष में कुल 1,20,135 वोट आए, जबकि सपा प्रत्याशी को 97,753 वोट मिले. बसपा से फिरेराम 36,150 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. पिछली बार कुल 14 उम्मीदवारों ने हसनपुर में किस्मत आजमाई थी.

अमरोहा सीट पर महबूब अली का दबदबा

अमरोहा विधानसभा सीट पर सपा के महबूब अली ने बड़ी जीत दर्ज की थी. उन्हें 1,28,735 वोट मिले, जबकि भाजपा के राम सिंह को 57,699 वोट हासिल हुए. इस तरह महबूब अली ने 71 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. बसपा उम्मीदवार मोहम्मद नावेद अयाज को 34,585 वोट मिले थे. इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था. फिलहाल महबूब अली अमरोहा के विधायक हैं.

2027 में किसका पलड़ा रहेगा भारी?

2022 के नतीजों में अमरोहा जिले की चार सीटों पर भाजपा और सपा ने दो-दो सीटें जीती थीं. धनौरा और हसनपुर में भाजपा को सफलता मिली, जबकि नौगावां सादात और अमरोहा में सपा ने जीत हासिल की. अब 2027 के विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर कौन बाजी मारेगा, यह आने वाले चुनावी मुकाबले से तय होगा.



Source link