Public Opinion : ‘दिनभर चलाने के बाद 200 रुपये ही बच पाते हैं’, CNG की कीमतें बढ़ने से आगरा के ऑटो चालक परेशान

Public Opinion : ‘दिनभर चलाने के बाद 200 रुपये ही बच पाते हैं’, CNG की कीमतें बढ़ने से आगरा के ऑटो चालक परेशान


Last Updated:

Public Opinion Agra : आगरा में सीएनजी की कीमत 107 रुपये तक पहुंच चुकी है. इसने ऑटो चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. ऑटो चालकों का कहना है कि वे सुबह से देर रात तक ऑटो चलाते हैं, लेकिन दिनभर की मेहनत के बाद उनके हाथ में खर्च भर का पैसा भी नहीं बचता. सवारियां किराया बढ़ाने के लिए तैयार नहीं हैं. लोकल 18 से ऑटो चालक फहीम कहते हैं कि पूरे दिन मेहनत के बाद भी 200 रुपये ही बच पाते हैं. बैटरी रिक्शा वाले कम पैसों में सवारी बैठा लेते हैं. ऑटो चालक ठाकुर लाल कहते हैं कि सवारी पैसे कम देना चाहती है और सीएनजी महंगी होती जा रही है.

आगरा. सीएनजी की बढ़ती कीमतों ने आगरा के ऑटो चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. उनका कहना है कि सीएनजी के दाम लगातार बढ़ने से अब घर चलाना भी मुश्किल हो गया है. सीएनजी की कीमत 107 रुपये तक पहुंचने से उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा ईंधन पर ही खर्च हो रहा है. ऐसे में परिवार का खर्च निकालना और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना चुनौती बन गया है. ऑटो चालकों का कहना है कि वे सुबह से देर रात तक ऑटो चलाते हैं, ताकि परिवार का भरण-पोषण कर सकें. दिनभर की मेहनत के बाद उनके हाथ में खर्च भर का पैसा नहीं बचता. दूसरी ओर सवारियां किराया बढ़ाने के लिए तैयार नहीं हैं. ऐसे में ऑटो चालकों के सामने कमाई और खर्च के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो गया है. उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऑटो चालकों की परेशानी को देखते हुए सीएनजी की कीमतों में जल्द कमी की जाए, ताकि उनके लिए परिवार का खर्च चलाना आसान हो.

त्योहार नजदीक, बच कुछ नहीं रहा

लोकल 18 से सीएनजी डलवाने आए ऑटो चालक फहीम कहते हैं कि पूरे दिन मेहनत के बाद भी 200 रुपये ही बच पाते हैं. ऑटो चालक माहिर के मुताबिक, पूरा बजट सीएनजी में ही चला जाता है. त्योहार नजदीक है. बच कुछ नहीं रहा है. फहीम खान ने कहा कि सवारी पैसा बढ़ा नहीं रही है. ऐसे में खर्च निकलना मुश्किल हो गया है. बैटरी रिक्शा वाले कम पैसों में सवारी बैठा लेते हैं. ऐसे में हम ऑटो वालों को नुकसान झेलना पड़ता है. ऑटो चालक कलुआ ने कहा कि सीएनजी की कीमतें रोज बढ़ाई जा रही है. ऐसे में कैसे घर के लिए पैसे निकालें. उन्होंने कहा कि सरकार जल्द इस ओर ध्यान दे.

आगरा में ही इतनी महंगी

ऑटो चालक समीर कहते हैं कि सीएनजी के दाम 107 रुपये हो गए हैं. महंगाई ने कमर तोड़ दी है. लोकेश ठाकुर ने कहा कि पूरे यूपी में सिर्फ आगरा में ही सीएनजी इतनी महंगी है. ऑटो चालक ठाकुर लाल ने कहा कि सवारी पैसे कम देना चाहती है और सीएनजी महंगी होती जा रही है. सभी वाहन चालकों ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि जल्द सीएनजी के दामों पर अंकुश लगाया जाए और इसे कम किया जाए.



Source link