Jio IPO Listing : 21 फीसदी से ज्यादा चढ़कर लिस्ट हुआ जियो का आईपीओ, बन गई दूसरी सबसे बड़ी कंपनी

Jio IPO Listing : 21 फीसदी से ज्यादा चढ़कर लिस्ट हुआ जियो का आईपीओ, बन गई दूसरी सबसे बड़ी कंपनी


Last Updated:

Jio IPO Listing : जैसा कि कयास लगाया जा रहा था, जियो प्लेटफॉर्म ने उससे भी धमाकेदार एंट्री शेयर बाजार में मारी है. कंपनी का आईपीओ 28 अक्टूबर को करीब 21 फीसदी से भी ज्यादा प्रीमियम पर लिस्ट हुआ. इस आईपीओ ने अपने निवेशकों को जबरदस्त मुनाफा दिया है और ब्रोकरेज फर्मों ने आगे भी बाई करने की रेटिंग दी है.

Zoom

जियो आईपीओ की लिस्टिंग के मौके पर मौजूद अंबानी परिवार.

नई दिल्ली. जियो प्लेटफॉर्म के आईपीओ ने 28 अक्टूबर की सुबह 10 बजे शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री मारी. कंपनी का आईपीओ अपने इश्यू प्राइस से 21.3 फीसदी चढ़कर लिस्ट हुआ है. ब्रोकरेज फर्म एलारा कैपिटल का कहना है कि जियो के आईपीओ की ब्लॉकबस्टर एंट्री रही है. फर्म ने इस स्टॉक को 1,340 से 1,367 रुपये का टार्गेट प्राइस दिया है और कहा है कि लंबी अविध में यह स्टॉक निवेशकों को बड़ा रिटर्न दिला सकता है.

आईपीओ की लिस्टिंग के मौके पर जियो प्लेटफॉर्म के एमडी आकाश अंबानी ने कहा कि जियो के इंजीनियरों ने गर्व के साथ मेड इन इंडिया प्रोडक्ट बनाया है और यह सचमुच आत्मनिर्भरता है. उन्होंने कहा कि मेरे जियो परिवार और मेरे साथियों की इस टीम के साथ काम करना मेरे जीवन का सबसे समृद्ध अनुभव रहा है. दो चीजें लोगों को सबसे ज्यादा एकजुट करती हैं. पहला साझा लक्ष्य और दूसरा आपसी भाईचारा. हमारे पास ये दोनों चीजें थीं. हमने बड़े सपने देखने की हिम्मत की और हर कदम पर एक-दूसरे का साथ दिया. उन्होंने बाजार नियामक सेबी सहित दोनों एक्सचेंज बीएसई और एनएसई का भी धन्यवाद किया और आईपीओ में सहयोग देने के लिए आभार जताया.

किस कैटेगरी में कितना मुनाफा

  • खुदरा निवेशक : जियो प्लेटफॉर्म का आईपीओ खुदरा निवेशकों के लिए 12 शेयरों का एक लॉट उतारा गया था. इश्यू प्राइस के हिसाब से एक लॉट की की कीमत 13,428 रुपये थी. 21 फीसदी से ज्यादा के प्रीमियम यानी 16,296 रुपये पर शेयर लिस्ट हुए हैं. लिहाजा एक लॉट पर निवेशक को 2,868 रुपये का मुनाफा हुआ है.
  • शेयरहोल्डर्स : इस कैटेगरी के निवेशकों के लिए 23 शेयरों का एक लॉट बनाया गया था. इश्यू प्राइस के हिसाब से एक लॉट के लिए 25,737 रुपये निवेश किए और लिस्टिंग प्राइस पर 31,234 रुपये मिले. इस तरह, एक लॉट पर 5,497 रुपये का मुनाफा मिला.
  • एचएनआई : इस कैटेगरी में 180 शेयरों का एक लॉट बनाया गया था और इश्यू प्राइस पर निवेश 2,01,420 रुपये का था, जबकि लिस्टिंग प्राइस 2,44,440 रुपये पहुंच गया. इस तरह, एचएनआई को एक लॉट पर 43,020 रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है.

दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई जियो
शेयर बाजार में कदम रखते ही जियो प्लेटफॉर्म ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं. जियो अब मार्केट कैप के लिहाज से शेयर बाजार की दूसरी बड़ी कंपनी बन गई है. लिस्टिंग प्राइस के हिसाब से कंपनी का मार्केट कैप 12.6 लाख करोड़ रुपये बैठता है, जो एयरटेल से भी ज्यादा है. इस तरह, जियो अब रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है. तीसरे नंबर पर एयरटेल है, जबकि टाटा समूह की टेक कंपनी टीसीएस अब टॉप-5 की लिस्ट से बाहर हो चुकी है.



Source link