Last Updated:
Jio IPO : जियो प्लेटफॉर्म की लिस्टिंग के समय अनंत अंबानी ने अपने भाषण से सभी को भावुक कर दिया. उन्होंने कहा कि जियो के कर्मचारी जब धूप में टॉवर पर चढ़कर काम करते थे, तो कंपनी की नींव मजबूत होती थी. देश के प्यार और 58 करोड़ परिवार ने मिलकर जियो को इतना बड़ा बनाया है.
अनंत अंबानी ने जियो की लिस्टिंग पर भावुक भाषण दिया.
नई दिल्ली. जियो प्लेटफॉर्म की लिस्टिंग कंपनी के निवेशकों, शेयरधारकों और कर्मचारियों के लिए खुशी का दिन था, तो रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी के भाषणों ने सभी को भावुक कर दिया. उन्होंने अपने भाषण में जियो कर्मचारियों का भी बखूबी जिक्र किया और कहा कि उनके सहयोग से ही कंपनी इतनी बड़ी बन सकी है. अनंत अंबानी ने कहा कि जब आप धूम में भी जियो के टॉवर पर चढ़कर काम कर रहे थे, तो कंपनी की नींव और मजबूत बन रही थी.
अनंत अंबानी ने अपने भाषणों की शुरुआत जय श्री कृष्णा के अभिवादन के साथ किया. उन्होंने जियो पर भरोसा जताने के लिए देश के 58 करोड़ परिवारों का भी धन्यवाद किया और कहा कि आप सभी ने मिलकर ही जियो को इतना बड़ा बनाया है. उन्होंने कहा कि एनएसई पर घंटी बजाकर इस आईपीओ का आगाज किया है. मेरे लिए यह घंटी बजाना किसी मंदिर से कम नहीं और काम ही मेरे लिए पूजा है. हर पूजा का अंत प्रसाद के साथ होता है. आज जियो भी उसी प्रसाद के साथ हाजिर है. जियो अपनी इस सफलता के प्रसाद को आज पूरे देश के साथ बांट रहा है.
दादा की कहानी ने कर दिया भावुक
अनंत अंबानी ने अपने दादाजी धीरूभाई अंबानी की सफलता के भी किस्से सुनाए. उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी पूंजी सपना है. यहां हाथ भले ही खाली हों लेकिन आंखें सपने से भरी होती हैं. ऐसे ही सपने लेकर छोरवाड़ के साधारण से परिवार से निकले थे मेरे दादा जी. वह अदन के एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करते थे. न पैसा था, न पहचान लेकिन सपने बड़े थे. उन्होंने जो नींव रखी, उसे मेरे पिता जी ने और मजबूत बनाया. उन्होंने भी सपना देखा कि भारत किसी से पीछे नहीं रहेगा. उन्होंने जामनगर की बंजर धरती पर दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी लगाकर यह दिखा दिया कि जब भारत कुछ बनाता है तो दुनिया देखती है.
नए भारत का सपना था जियो
अनंत अंबानी ने कहा कि इसके बाद नए भारत और युवा भारत का समय आया, जिसका सपना था इंटरनेट और तेज कनेक्टिवटी. इस सपने का नाम था जियो. इस सपने के बीज को ईशा दीदी ने बोया और आकाश भाई ने उसे अपना सपना बना लिया. इस सपने को पूरे देश ने दुआएं दी और आज यह एक सफल कंपनी बन चुकी है. उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के समय जियो लोगों के बीच जुड़ने का बड़ा जरिया बना था.