वैभव-अभिषेक ने मचाया ऐसा धमाल, NZ में टूटे सारे रिकॉर्ड, चौथा T20I हुआ हाउसफुल
Last Updated:
Vaibhav Sooryavanshi IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज भले ही एकतरफा हो गई हो, लेकिन टीम इंडिया को देखने का जुनून कम नहीं हुआ है. शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले चौथे टी-20 के सभी टिकट बिक चुके हैं. न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, मुकाबले के लिए 40 हजार से ज्यादा दर्शक पहुंच सकते हैं. यह मैदान के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी उपस्थिति होगी.
चौथा टी-20 पूरी तरह हाउसफुल रहने वाला है.
ऑकलैंड: भारत ने पांच मैच की सीरीज के शुरुआती तीन मैच जीतकर श्रृंखला अपने नाम कर ली है. इन तीनों मैच के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम में पहुंचे थे. अब 30 सितंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले चौथे मैच को देखने के लिए लगभग 40 हजार दर्शकों के आने की उम्मीद है. अगर ऐसा हुआ तो ऑकलैंड के इस मैदान के इतिहास में ये तीसरी सबसे बड़ी उपस्थिति होगी.
अभिषेक-वैभव की मैच विनिंग पारी
अभिषेक शर्मा और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को वेलिंग्टन में खेले गए तीसरे टी-20 में धुआंधार बल्लेबाजी का अद्भुत नमूना पेश किया, जिससे भारत ने छह विकेट से बड़ी जीत हासिल की. अभिषेक और सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी की, जिससे भारत ने 199 रन का लक्ष्य महज 13.2 ओवरों में हासिल कर लिया. अभिषेक ने 38 गेंदों में 113 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और 11 छक्के शामिल थे. न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के एक बयान में कहा:
न्यूजीलैंड और भारत के बीच शुक्रवार को ऑकलैंड में होने वाले चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के सभी टिकट बिक गए हैं और इस मैच के लिए 40,000 से अधिक दर्शकों के ईडन पार्क पहुंचने की संभावना है, इससे पहले हैगली ओवल में खेले गए शुरुआती दो मैचों के भी सभी टिकट बिक गए थे. रविवार को सेडन पार्क में होने वाले श्रृंखला के पांचवें और अंतिम मैच के भी सभी टिकट बिक चुके हैं.
सात साल पहले 36,523 दर्शक ईडन पार्क पहुंचे थे
ऑकलैंड में होने वाला मैच न्यूजीलैंड क्रिकेट के द्विपक्षीय श्रृंखला के मैचों में दर्शकों की उपस्थिति का नया रिकॉर्ड बनाएगा, इससे पहले 2019 में भारत और न्यूजीलैंड की पुरुष और महिला टीमों के बीच एक ही दिन खेले गए मैचों को देखने के लिए 36,523 दर्शक ईडन पार्क पहुंचे थे.
ईडन पार्क में कब-कब पहुंचे फैंस?
किसी इंटरनेशनल क्रिकेट मैच के लिए ईडन पार्क में इससे ज्यादा दर्शक केवल दो बार ही पहुंचे थे. न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच 2015 के वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल के लिए 41,000 जबकि रिपोर्टों के अनुसार 1982 में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए वनडे मैच को देखने के लिए 42,000 दर्शक पहुंचे थे.