Last Updated:
पायल रोहतगी और संग्राम सिंह की शादी को 4 साल हो चुके हैं. पायल रोहतगी ने न्यूज18 हिंदी के साथ खास बातचीत में अपने रिश्ते और करवाचौथ सेलिब्रेशन के बारे में खुलकर बात की. एक्ट्रेस कहती हैं कि वो शादी के पहले से अपना करवाचौथ मना रही हैं. पायल ने हमारे साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में अपने रिलेशनशिप की क्यूट चीजें शेयर कीं.
पायल रोहतगी और संग्राम सिंह की शादी को 4 साल हो चुके हैं. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. करवा चौथ का त्योहार पति-पत्नी के प्यार, विश्वास और साथ का प्रतीक माना जाता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं और पूरे दिन पूजा-पाठ के बाद चांद देखकर अपना व्रत खोलती हैं. बॉलीवुड और टीवी की दुनिया में भी कई कपल इस त्योहार को खास अंदाज में मनाते हैं. इन्हीं में से एक हैं एक्ट्रेस पायल रोहतगी और उनके पति संग्राम सिंह. दोनों की लव स्टोरी से लेकर शादी तक काफी चर्चा रही है. इस खास मौके पर पायल रोहतगी और संग्राम सिंह ने न्यूज18 हिंदी से खास बातचीत की.
जब पायल रोहतगी से पूछा गया कि क्या वो और संग्राम सिंह शादी के बाद से लगातार करवा चौथ मना रहे हैं. इसका जवाब देते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि वो शादी के पहले से करवाचौथ मना रही हैं. वो लगातार संग्राम के साथ त्योहार का जश्न मनाती हैं और इस त्योहार को मनाने के लिए उनके अपने नियम और कायदे हैं.
जब हमने पायल रोहतगी से पूछा कि क्या उनके पति संंग्राम सिंह भी उनके लिए व्रत रखते हैं तो उन्होंने कहा कि उनके पति कभी व्रत नहीं रखते हैं. उन्होंने आजतक कभी व्रत नहीं रखा है. एक्ट्रेस ने बताया कि वो बीच-बीच में चाय-कॉफी पीती रहती हैं.
पायल रोहतगी को संग्राम ने अबतक का सबसे खूबसूरत तोहफा क्या दिया है?
पायल रोहतगी कहती हैं कि इन दिनों वो और संग्राम एक-दूसरे की चीजें छिपा रहे हैं. तोहफा देने जैसा कुछ नहीं रहा है, लेकिन उनके पति ने उन्हें एक खास तोहफा दिया था ताकि वो स्ट्रेस में सिगरेट और शराब न पीएं. अब योग के जरिए अपना स्ट्रेस हैंडल करती हैं.
पायल इस त्योहार पर पति संग्राम के लिए क्या खास बनाती हैं?
पायल रोहतगी कहती हैं कि संग्राम ने उनसे मिलने से पहले कहा था कि वो कुश्ती के अखाड़े में खाना बनाते थे, लेकिन शादी के बाद उन्होंने कभी खाना नहीं बनाया. पायल अपने पति के लिए मीठी चीजें बनाती हैं. वो संग्राम के लिए खीर बनाती हैं.
पायल रोहतगी अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं. क्या यही बेबाकी कभी आपके रिश्ते में परेशानी की वजह बनी?
पायल कहती हैं कि उनके बेबाक अंदाज की वजह से उन्होंने पति संग्राम के वीडियोज बनाने शुरू किए थे. लेकिन उनके पति ने अपने ब्रो गैंग को खुश करने के लिए उनपर अटैक करना शुरू कर दिया था. वो कहती हैं कि अगर उनको समाज कह रहा है कि पायल अग्रेसिव हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं चलेगा. वो कहती हैं कि उन्होंने अपने पति को समझाया कि वो जैसी 2013 में थीं, वो आज भी वैसी ही हैं.