Last Updated:
Bihar MLC Chunav Result 2026: बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं. इसी बीच पटना की शिक्षक सीट पर रिजल्ट आ गया. यहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कैंडिडेट ने जीत दर्ज की. भाजपा के नवल किशोर को हराकर डॉक्टर संजीव कुमार ने उनका किला ढहा दिया. मालूम हो कि इस सीट पर नवल किशोर पिछले 30 सालों से काबिज थे.
RJD उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह. (फोटो साभारः ANI)
पटनाः बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का रिजल्ट आ गया. यहां करीब 30 साल से लगातार जीतते आ रहे भाजपा के नवल किशोर यादव को इस बार हार का सामना करना पड़ा. राजद के कैंडिडेट डॉ. संजीव कुमार सिंह ने उन्हें 1,057 वोटों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही पटना शिक्षक सीट पर नवल किशोर यादव का लंबे समय से चला आ रहा दबदबा खत्म हो गया.
1996 में पहली बार जीते थे नवल किशोर यादव
नवल किशोर यादव ने साल 1996 में पहली बार पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था. उन्होंने उस चुनाव में डॉ. पीएन शर्मा को 870 वोटों से हराया था. इसके बाद वह लगातार चुनाव जीतते रहे और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ बनी रही. साल 2014 में वह भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीते. इससे पहले वह राजद में रह चुके थे. फरवरी 2014 में भाजपा ने उन्हें पटना शिक्षक सीट से उम्मीदवार बनाया था.
2014 और 2020 में कैसा रहा था प्रदर्शन?
नवल किशोर यादव के पिछले चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि पटना शिक्षक सीट पर उनका लंबे समय तक दबदबा रहा. साल 2014 में भाजपा के नवल किशोर यादव को 4,127 वोट मिले थे. उन्होंने जदयू के अर्जुन प्रसाद सिन्हा को हराया था, जिन्हें 1,281 वोट मिले थे. साल 2020 में नवल किशोर यादव ने राजद के नारायण यादव को हराया था. नवल किशोर को 3,173 वोट मिले, जबकि नारायण यादव को 1,877 वोट हासिल हुए. जीत का अंतर 1,296 वोट था. 2026 में माने इस बार राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हराकर जीत दर्ज की. यह नवल किशोर यादव की लगातार जीत के सिलसिले का अंत है.
जीत के बाद संजीव कुमार ने क्या कहा?
जीत के बाद डॉ. संजीव कुमार सिंह ने इसे शिक्षक समाज की जीत बताया. उनकी पत्नी डॉ. अर्चिता ने शिक्षकों और चुनाव में जुटी टीम का आभार जताया. उन्होंने कहा कि टीम ने दिन-रात मेहनत की और मुश्किल परिस्थितियों में भी पीछे नहीं हटी. संजीव कुमार ने भी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को जीत का श्रेय दिया. इस नतीजे के साथ पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में लंबे समय बाद प्रतिनिधित्व बदल गया है.
स्नातक सीट पर नीरज कुमार ने जीत का दावा किया
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से NDA के उम्मीदवार और JDU नेता नीरज कुमार ने MLC चुनाव नतीजों पर कहा, “जानकारी के मुताबिक, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में प्रथम वरीयता की गणना में NDA समर्थित JDU उम्मीदवार के रूप में मुझे बढ़त मिली है. अब द्वितीय वरीयता की गणना होनी है. हमें यह लगता है कि जब हम प्रथम वरीयता में आगे हैं, तो द्वितीय वरीयता में भी हम आगे रहेंगे.”