Last Updated:
Ajmer Near Famous Sweet Shop: अजमेर के नया बाजार स्थित लक्ष्मी चौक में 40 साल पुरानी ‘श्रीराम मिष्ठान भंडार’ की दुकान अपनी अनोखी बनावट और स्वाद के लिए प्रसिद्ध है. महज 4×4 फीट आकार और 3 फीट ऊंचाई वाली इस दुकान में खड़े होने की भी जगह नहीं है, फिर भी हलवाई बैठकर काम करते हैं. दुकानदार नौरतमल अपने उस्ताद की विरासत को आगे बढ़ाते हुए यहाँ बेसन के लड्डू, गुलाब जामुन, मूंग का हलवा और जलेबी बेच रहे हैं. छोटी सी जगह में मिलने वाला लाजवाब स्वाद दूर-दूर से ग्राहकों को यहाँ खींच लाता है.
अजमेर: अजमेर के नया बाजार स्थित लक्ष्मी चौक में एक ऐसी दुकान है जो यह साबित करती है कि मिठाई की दुनिया में नाम कमाने के लिए बड़े शोरूम या आलीशान इमारत की जरूरत नहीं होती. हुनर, स्वाद में दम और मेहनत का जज्बा हो तो महज 4 बाई 4 फीट की छोटी सी जगह से भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है. करीब 40 वर्षों से संचालित ‘श्रीराम मिष्ठान भंडार’ अजमेर में अपनी इसी अनोखी पहचान और स्वाद के लिए जाना जाता है.
श्रीराम मिष्ठान भंडार की दुकान का आकार महज 4 बाई 4 फीट है और इसकी ऊंचाई केवल तीन फीट है. इस दुकान की बनावट ऐसी है कि इसके अंदर कोई व्यक्ति खड़ा होकर काम भी नहीं कर सकता. इतनी सीमित जगह में मिठाइयां संभालना और ग्राहकों तक पहुँचाना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है, लेकिन हलवाई बैठ-बैठकर ही पूरे समर्पण के साथ मिठाइयां बेचते हैं. दुकान की इसी अनोखी बनावट और लाजवाब स्वाद को देखने के लिए नया बाजार आने वाले ग्राहक यहाँ खिंचे चले आते हैं.
उस्ताद से मिली 40 साल पुरानी मिठाई की विरासत
दुकानदार नौरतमल बताते हैं कि यह दुकान करीब 40 साल पुरानी है. शुरुआत में उनके उस्ताद इस दुकान को संभालते थे और मिठाइयों का कारोबार करते थे. उस्ताद के बाद अब नौरतमल खुद इस दुकान की जिम्मेदारी और स्वाद की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं. वे बताते हैं कि इतनी छोटी जगह पर काम करना बेहद मुश्किल है, लेकिन वर्षों के अनुभव और मेहनत के दम पर वे लगातार ग्राहकों को वही पुराना पारंपरिक स्वाद दे रहे हैं.
बेसन के लड्डू, गुलाब जामुन और जलेबी का अद्भुत स्वाद
इस छोटी सी दुकान पर मिलने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वाद का हर कोई दीवाना है. यहाँ मुख्य रूप से बेसन के लड्डू, रसीले गुलाब जामुन, मूंग की दाल का हलवा और गरमा-गरम जलेबी बनाई और बेची जाती है. अजमेर के नया बाजार में खरीदारी करने आने वाले स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के बीच भी श्रीराम मिष्ठान भंडार अपनी खास और अलग पहचान बनाए हुए है.