देहरा (कांगड़ा). हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा में ग्राम पंचायत खबली के मरियारी में स्कूटी चोरों को ग्रामीणों ने धर लिया. पंचायत प्रधान राजेश कुमार के अनुसार, रात करीब दो बजे चोरी की सूचना मिलने के बाद करीब 70 ग्रामीण एकजुट होकर तलाश में जुट गए.
ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूटी चोरी करने के बाद कुछ दूरी पर नंबर प्लेट बदली जा रही थी. रातभर चले घटनाक्रम के दौरान ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया. मामले में दो स्कूटियां चोरी होने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पंचायत प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि रात करीब दो बजे पंचायत सदस्य विशाल चौधरी ने फोन कर गांव में चोर घुसने की सूचना दी. इसके बाद वह तुरंत मुख्य सड़क पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. इस दौरान मरियारी और लड़ाना गांव के युवा तथा महिलाएं भी एकत्र हो गए.
प्रधान के मुताबिक, वार्ड सदस्यों विशाल चौधरी, दर्शना देवी, सुुमा देवी और ग्रामीणों ने शुरुआत में एक संदिग्ध को पकड़ लिया था, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग गया. इसके बाद लोगों ने आसपास के रास्तों और जंगल की ओर निगरानी बढ़ा दी.
सुबह 4:30 बजे चोरी की स्कूटी पहचानी
राजेश कुमार के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे देहरा से धर्मशाला जाने वाली सड़क पर अपर मरियारी के पास ग्रामीण मौजूद थे. इसी दौरान बगलामुखी की तरफ से आ रही एक स्कूटी को उसके मालिक ने पहचान लिया. स्कूटी सवार ने ग्रामीणों को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे खबली क्षेत्र में पकड़ लिया. इस दौरान स्कूटी सवार गिर गया. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया.
सुबह 8 बजे तक दो अन्य संदिग्ध भी पकड़े
प्रधान ने बताया कि ग्रामीणों ने आसपास के रास्तों और जंगल में तलाश जारी रखी. सुबह करीब आठ बजे अपर मरियारी में दो अन्य संदिग्धों को भी पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया. इस तरह कुल तीन संदिग्ध पुलिस की पकड़ में आए. प्रधान के अनुसार, पकड़े गए युवकों की उम्र लगभग 18 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है. उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और गलत संगत से बचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.
प्रधान ने युवाओं और महिलाओं का जताया आभार
राजेश कुमार ने कहा कि रात दो बजे से सुबह तक ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई. करीब 70 लोगों की एकजुटता से संदिग्धों को पकड़ने में मदद मिली. उन्होंने युवाओं और महिलाओं के सहयोग की सराहना करते हुए पुलिस का भी आभार जताया.
पंचायत के प्रवेश मार्गों पर लगेंगे CCTV कैमरे
प्रधान ने बताया कि पंचायत के मुख्य प्रवेश मार्गों और चौराहों पर CCTV कैमरे लगाने के लिए प्रस्ताव डाला जा चुका है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने दोपहिया वाहन सुरक्षित स्थानों पर खड़े करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देने और युवाओं को नशे से दूर रखने का भी आग्रह किया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में चोरी की दोनों स्कूटियों, नंबर प्लेट बदलने और अन्य संभावित संलिप्तता से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले से संबंधित सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.