Last Updated:
Varanasi MLC Election Counting Result : विधान परिषद की वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने दूसरी बार जीत हासिल की. उन्होंनें भाजपा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी डा. प्रमोद मिश्रा को 5015 मताें से हराया.
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव जीते.
वाराणसी : वाराणसी शिक्षक एमएलसी सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर शिक्षकों के बीच अपना भरोसा कायम रखा है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा को 5015 वोटों से पराजित किया. लाल बिहारी यादव को कुल 11,612 वोट मिले, जबकि डॉ. प्रमोद मिश्रा को 6,597 मत हासिल हुए. इस जीत के बाद समाजवादी पार्टी के खेमे में उत्साह का माहौल है.
क्या है नियम?
शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना में पहली वरीयता के मतों से जीत-हार का फैसला नहीं हो सका. पहली वरीयता की गिनती में लाल बिहारी यादव को 10,958 वोट मिले, जबकि भाजपा के डॉ. प्रमोद मिश्रा को 6,007 वोट प्राप्त हुए. चुनाव नियमों के मुताबिक, जीत के लिए कुल वैध मतों के 50 प्रतिशत से अधिक मत हासिल करना जरूरी था. निर्धारित कोटा पूरा नहीं होने के कारण मतगणना दूसरी वरीयता के मतों तक पहुंच गई.
इसके बाद कम वोट पाने वाले प्रत्याशियों के मतों की दूसरी वरीयता के आधार पर गिनती की गई. इस प्रक्रिया में लाल बिहारी यादव के खाते में 654 वोट जुड़े, जबकि भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा को 537 वोट मिले. दूसरी वरीयता के मतों ने चुनावी तस्वीर साफ कर दी और लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की.
कैसे हार गई भाजपा?
इस चुनाव में केदारनाथ सिंह को भी करीब 3,471 वोट मिले. वहीं, डॉ. प्रमोद मिश्रा के लिए यह चुनाव राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा था. वर्ष 2020 में शिक्षक नेता के तौर पर चुनाव लड़ते हुए उन्हें 6,830 वोट मिले थे. इस बार चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल होने के बाद उनके प्रदर्शन को लेकर काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह जीत हासिल नहीं कर सके.
लाल बिहारी यादव की यह दूसरी जीत शिक्षक राजनीति में उनकी पकड़ को दर्शाती है. परिणाम सामने आने के बाद सपा समर्थकों में खुशी देखी गई.