क्या है होता है क्रिकेट में 0th बॉल? विराट कोहली के नाम है ये अनोखा रिकॉर्ड
Last Updated:
क्रिकेट के खेल में कई तरह के शब्दों या टर्म्स का इस्तेमाल किया जाता है उन्हीं में से एक है 0th बॉल. ऐसा ही एक कारनामा साल 2011 में इंग्लैंड दौरे पर भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने किया था, जिस पर इतिहास बन गया. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर क्या होती है 0th बॉल और विराट कोहली का इससे क्या कनेक्शन है.
विराट कोहली और एमएस धोनी
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली मॉडर्न एरा के सबसे बड़े बल्लेबाजों में से एक हैं. विराट ने अपने बेहतरीन खेल से क्रिकेट में अनगिनत रिकॉर्ड बनाए और तोड़े हैं. हालांकि, उनके अधिकतर रिकॉर्ड बल्लेबाजी में बने हैं, लेकिन एक रिकॉर्ड ऐसा है जो सबसे अनोखा है और वह बल्लेबाजी में नहीं, बल्कि उनकी गेंदबाजी से जुड़ा है. यह रिकॉर्ड है शून्यवीं गेंद या 0th बॉल पर विकेट लेने का. आइए जानते हैं कि 0th बॉल क्या होती है और इस पर विराट कोहली का क्या रिकॉर्ड है.
क्रिकेट में 0th बॉल क्या होती है?
क्रिकेट की भाषा में 0th बॉल उस गेंद को कहते हैं जो वैध नहीं होती. यानी, अगर कोई गेंदबाज गेंदबाजी कर रहा है और अपनी पहली गेंद वाइड डाल दे तो उसे तकनीकी रूप से 0th बॉल माना जाता है. वैसे तो इस तरह की गेंद पर तब तक कोई विशेष चर्चा नहीं होती, जब तक कि कोई अनोखी घटना न घट जाए. विराट कोहली ने 0th बॉल पर एक ऐसा ही अनोखा कारनामा करके खास रिकॉर्ड अपने नाम किया था.
0th बॉल पर क्या है विराट कोहली का रिकॉर्ड?
विराट कोहली के 0th बॉल के रिकॉर्ड की बात करें तो यह बेहद दिलचस्प है. दरअसल, साल 2011 में भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में एक टी20 मैच खेलने उतरी थी. इस मैच में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने विराट कोहली से भी एक ओवर गेंदबाजी कराई थी.
विराट जब गेंदबाजी करने आए, तो उन्होंने केविन पीटरसन के खिलाफ अपनी पहली ही गेंद लेग साइड पर वाइड फेंक दी. विराट की इस वाइड गेंद पर केविन पीटरसन क्रीज से आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन वे चूक गए. ऐसे में विकेट के पीछे मुस्तैद कप्तान धोनी ने जरा भी देर नहीं लगाई और तुरंत गिल्लियां बिखेरकर पीटरसन को स्टंप आउट कर दिया.
बिना गेंद काउंट हुए विराट के खाते में आया विकेट
अंपायर ने उस गेंद को वाइड करार दिया, लेकिन साथ ही टीम इंडिया को स्टंपिंग के रूप में विकेट भी मिल गया. इसका मतलब यह था कि विराट के ओवर की एक भी वैध गेंद नहीं फेंकी गई थी और उनके खाते में विकेट आ गया था. इसी अनोखे वाकये को 0th बॉल विकेट कहा जाता है.