नई दिल्लीः बाजार में मिलने वाली चॉकलेट, कुकीज और केक का स्वाद तो आपने खूब चखा होगा, लेकिन क्या हो अगर आपको घर पर बने ताजे बेकरी प्रोडक्ट्स मिलें, जिनमें रिफाइंड शुगर और प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल भी न किया गया हो इसी सोच के साथ भावना ने अपना होममेड ब्रांड Truffle Tales शुरू किया. यहां चॉकलेट से लेकर कुकीज और केक तक कई तरह की चीजें मिलती हैं. खास बात यह है कि भावना अपने प्रोडक्ट्स खुद तैयार करती हैं और स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखने की कोशिश करती हैं.
अब चॉकलेट के साथ कुकीज और केक भी
भावना ने पिछले साल दिवाली के आसपास अपने इस काम की शुरुआत की थी. उन्हें चॉकलेट खाना पसंद था, लेकिन बाजार में मिलने वाले कुछ गिने-चुने फ्लेवर से हटकर वह कुछ नया बनाना चाहती थीं. उन्हें कुकिंग और बेकिंग का भी शौक था. ऐसे में उन्होंने नौकरी करने के बजाय अपना काम शुरू करने का फैसला लिया. शुरुआत में भावना केवल हैंडमेड चॉकलेट बनाती थीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपने मेन्यू में कुकीज, चीजकेक और ट्रफल केक भी शामिल कर लिए. अब वह ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग फ्लेवर और वैरायटी तैयार करती हैं.
ज्वार, रागी और ओट्स से बनी कुकीज हैं खास
Truffle Tales की खासियत इसकी कुकीज हैं. भावना ज्वार और रागी से बनी नानखटाई के अलावा ओट्स और क्रैनबेरी कुकीज भी तैयार करती हैं. उनका कहना है कि इन कुकीज में मैदा इस्तेमाल नहीं किया जाता. ज्वार की नानखटाई में ज्वार और बेसन जैसे विकल्पों का इस्तेमाल होता है, जबकि रागी नानखटाई पूरी तरह रागी के आटे से बनाई जाती है. भावना कुकीज बनाने में रिफाइंड शुगर की जगह गुड़ का पाउडर या देसी खांड इस्तेमाल करती हैं. वह इन्हें रोजाना ताजा बेक करने की कोशिश करती हैं और प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल नहीं करतीं. इस तरह वह उन ग्राहकों के लिए भी विकल्प तैयार करना चाहती हैं, जो अपनी डाइट में मैदा और रिफाइंड शुगर कम करना चाहते हैं.
केक में बटर, चॉकलेट में भी देसी फ्लेवर का तड़का
भावना के मुताबिक, उनके सभी केक एगलेस होते हैं. बाजार में मिलने वाले केक से अलग, वह अपने केक बनाने में रिफाइंड ऑयल के बजाय अनसाल्टेड बटर का इस्तेमाल करती हैं. चॉकलेट की बात करें तो यहां भी कई अलग-अलग फ्लेवर मिलते हैं. डेट बाइट्स, रोस्टेड पीनट बार और ट्रफल्स के साथ भावना इंडियन फ्लेवर को भी अपनी चॉकलेट में शामिल करती हैं. इनमें रसमलाई ट्रफल, डार्क कोको ट्रफल और बच्चों के लिए ओरियो चीज ट्रफल जैसे विकल्प शामिल हैं.
50 रुपये से शुरू होती है कुकीज की कीमत
अगर कीमत की बात करें तो भावना की कुकीज अलग-अलग पैकिंग में उपलब्ध हैं. उनके मुताबिक, तीन कुकीज का छोटा पैक 90 रुपये में मिलता है, जबकि बड़ी कुकीज की एक पीस की कीमत 50 रुपये है. छह कुकीज का बॉक्स 220 रुपये में उपलब्ध है. भावना बताती हैं कि सही एक्सपो में स्टॉल लगाने पर कच्चे माल की लागत के मुकाबले उन्हें करीब 50 प्रतिशत तक का प्रॉफिट मार्जिन मिल जाता है. मुनाफा बिक्री और दूसरे खर्चों पर भी निर्भर करता है.
परिवार का साथ बना सबसे बड़ी ताकत
भावना फिलहाल अपना बिजनेस अकेले संभाल रही हैं और उनकी कोई अलग टीम नहीं है. हालांकि, इस सफर में उनकी मां, बहन और भाई पूरा साथ देते हैं. प्रोडक्ट तैयार करने की जिम्मेदारी भावना की है, जबकि परिवार के सदस्य पैकेजिंग, तैयारी और स्टॉल पर उनकी मदद करते हैं. युवाओं को अपना काम शुरू करने की सलाह देते हुए भावना कहती हैं कि कोशिश जरूर करनी चाहिए और किसी काम को शुरू करने के बाद या तो सफलता मिलेगी या उससे कुछ सीखने को मिलेगा, लेकिन बिना कोशिश किए आगे बढ़ना मुश्किल है.