Last Updated:
Live In Relationship And Murder Case In Rajasthan : राजस्थान में कुछ ही दिनों के भीतर जयपुर और झुंझुनूं के पिलानी में सामने आए दो हत्याकांड ने निजी रिश्तों में बढ़ते तनाव और हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. जयपुर में मोना जाटव की हत्या के मामले में उनके लिव इन पार्टनर युवराज सिंह पर शक के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप है. वहीं, पिलानी में राजेश उर्फ सोनू कुमावत की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस मामले में उस महिला के पति को आरोपी बनाया गया है, जिसके साथ राजेश रह रहा था. दोनों घटनाएं सवाल उठाती हैं कि रिश्तों में विवाद का समाधान हिंसा के बजाय बातचीत और कानूनी रास्ते से क्यों नहीं खोजा जाता.
जयपुर. राजस्थान में लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले लोगों से जुड़ी दो हत्याओं ने रिश्तों में बढ़ते तनाव और हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर क्या वजह है कि पहले दो लोग सहमति से एक साथ रह रहे हैं और फिर आपसी कलह में एक दूसरे की जान लेने पर उतारू हो जा रहे हैं. राजस्थान के हाल ही के ये दो मामले दिमाग झन्ना देने वाले हैं. कुछ दिन पहले जयपुर में 35 साल की मोना जाटव की हत्या का मामला सामने आया और अब झुंझुनूं के पिलानी में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे राजेश उर्फ सोनू कुमावत उर्फ माइकल की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई.
दोनों घटनाओं की परिस्थितियां अलग हैं, लेकिन एक बात परेशान करने वाली है कि निजी रिश्तों का विवाद जान लेने तक पहुंच गया. मामला जब लोगों के कानों तक पहुंच रहा तो वे सोचने पर मजबूर हो जा रहे कि जब दो लोगों में बात बनती है तभी वे लिव इन में रहते हैं. फिर बिगड़ने पर अलग होने के बजाय वे हत्या करने का फैसला क्यों ले ले रहे. क्या रिश्तों में खींचतान और विवाद इतना बढ़ जा रहा कि लोग समझ ही नहीं पा रहे कि करना क्या है. या फिर वे बिना सोचे समझे ही किसी रिश्ते में चले जा रहे हैं.
जयपुर के पत्रकार कॉलोनी थाना इलाके के रामपुरा स्थित आमोर रेजीडेंसी में मोना जाटव का शव फ्लैट में मिला था. वह करीब दो साल से युवराज सिंह उर्फ युगराज सिंह के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी. सामने आई जानकारी के मुताबिक, युवराज को शक था कि मोना किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में है. इसी शक और विवाद के बीच उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में आरोपी युवराज सिंह को चार दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया. घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को फ्लैट से निकलते देखा गया था.
पिलानी में घर में घुसकर चाकू से हमला
दूसरी घटना झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे के नायकों के मोहल्ले की है. 25 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे पुलिस को राजेश पर चाकू से हमला होने की सूचना मिली. घायल राजेश को पहले पिलानी के बिरला अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उसे झुंझुनूं रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. चिड़ावा के पुलिस उपाधीक्षक गौरव गुर्जर के अनुसार, हत्या का आरोप उस महिला के पति पर है, जिसके साथ राजेश लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था. आरोपी के घर में घुसने का घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद होने की जानकारी सामने आई है. हमला करने के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मृतक के परिजनों ने पकड़ लिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और मौके से चाकू भी जब्त किया.
सवाल लिव इन का नहीं, हिंसा की सोच का है
इन घटनाओं को केवल लिव इन रिलेशनशिप से जोड़कर देखना सही नहीं होगा. किसी भी रिश्ते में साथ रहना या अलग रहना अपने आप में हिंसा की वजह नहीं है. असली चिंता उस सोच की है, जिसमें शक, गुस्से या निजी विवाद के बाद दूसरे इंसान की जान लेने तक का फैसला कर लिया जाता है. जयपुर के मामले में शक की बात सामने आई, जबकि पिलानी की घटना में महिला के पति पर हत्या का आरोप है. दोनों मामलों में पुलिस की जांच और सामने आए तथ्य अहम हैं.
रिश्तों में असहमति हो सकती है, हत्या नहीं
ये घटनाएं एक चेतावनी जरूर हैं. रिश्तों में विवाद हो तो उसका हल बातचीत, परिवार की मदद या कानूनी रास्ते से निकाला जाना चाहिए. धमकी, पीछा करने या हिंसा के संकेत मिलें तो उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. किसी रिश्ते में असहमति हो सकती है, लेकिन किसी को भी दूसरे की जिंदगी खत्म करने का अधिकार नहीं है. आखिरकार, रिश्ता कोई भी हो, शक या गुस्सा हत्या का बहाना नहीं बन सकता.