Last Updated:
मोतिहारी में भाजपा नेता रिंकू पाठक के घर, गैस एजेंसी और कई प्रतिष्ठानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी चल रही है. टीम सुबह से ही जांच में जुटी है. शिकायत मिली थी कि पिछले 10 साल में उन्होंने बड़ी संपत्ति अर्जित की है. बताया जाता है कि उन्होंने मोतिहारी, केसरिया समेत कई जगहों पर संपत्ति बनाई है. छापेमारी के दौरान पुलिस तैनात है. फिलहाल, जांच में क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं आई है.
रिंकू पाठक के घर पर रेड
मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में भाजपा नेता रिंकू पाठक के घर और कई ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की टीम छापेमारी कर रही है. इनमें उनकी गैस एजेंसी भी शामिल है. सुबह से ही टीम अलग-अलग ठिकानों पर जांच में जुटी है. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक रिंकू पाठक नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद रह चुके हैं. वह वर्तमान मुख्य पार्षद के पति भी हैं. आर्थिक अपराध इकाई की टीम उनकी संपत्ति और कारोबार से जुड़े मामलों की जांच कर रही है.
रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक, केसरिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7 के पार्षद हैं. उनकी पत्नी किरण देवी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद हैं. आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, रिंकू पाठक और उनकी पत्नी के खिलाफ ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं. उन पर करीब 3 करोड़ 56 लाख 65 हजार 118 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 124.81 प्रतिशत अधिक बताई गई है. आर्थिक अपराध इकाई ने कहा है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले की विस्तृत जानकारी दी जाएगी.
10 साल में संपत्ति बढ़ने की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, आर्थिक अपराध इकाई को शिकायत मिली थी कि पिछले 10 साल में रिंकू पाठक ने बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की है. शिकायत में उनकी संपत्ति और कारोबार में हुई बढ़ोतरी को लेकर सवाल उठाए गए थे. इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई ने मामले की जांच शुरू की और अब कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. बताया जा रहा है कि रिंकू पाठक ने मोतिहारी के अलावा केसरिया और अन्य जगहों पर भी संपत्ति अर्जित की है. जांच टीम इन संपत्तियों और उनके कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है. हालांकि, छापेमारी के दौरान अब तक क्या-क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
घर और प्रतिष्ठानों के बाहर पुलिस तैनात
छापेमारी के दौरान रिंकू पाठक के घर और प्रतिष्ठानों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं. सुरक्षा के मद्देनजर इन स्थानों पर लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है. आर्थिक अपराध इकाई की टीम दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच में जुटी है.
पहले भी जेल जा चुके हैं रिंकू पाठक
रिंकू पाठक रंगदारी समेत कई मामलों में जेल जा चुके हैं. वह सहरसा जेल में भी बंद रहे थे. बताया जाता है कि जेल से बाहर आने के बाद उनका कारोबार बढ़ता गया. अब उनकी संपत्ति को लेकर मिली शिकायत के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई जांच कर रही है.