नैनीताल घूमने जा रहे हैं? जान लें टोल का नया नियम, FASTag से कटेंगे 300 रुपये


Last Updated:

Nainital Toll Rule : नैनीताल घूमने जाने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है. शहर में लेक ब्रिज और बारापत्थर चुंगी पर FASTag के जरिए टोल वसूली शुरू हो गई है. अब बाहरी वाहनों को थोड़ी ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी. नई व्यवस्था के तहत FASTag से महज 3 से 5 सेकंड में टोल कट रहा है.

Top Deals Inside

नैनीताल घूमने जा रहे हैं? जान लें टोल का नया नियम, FASTag से कटेंगे 300 रुपयेZoom

फास्टटैग से कटेगा टोल. (एआई तस्वीर)

गौरव जोशी, नैनीताल : सरोवर नगरी नैनीताल में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए टोल वसूली की प्रक्रिया अब और तेज होने जा रही है. शहर के प्रवेश द्वारों पर स्थित लेक ब्रिज और बारापत्थर चुंगी पर फास्टैग सुविधा शुरू कर दी गई है. इसके साथ ही नैनीताल नगर पालिका यह व्यवस्था शुरू करने वाली उत्तराखंड की पहली पालिका बन गई है. नई व्यवस्था से टोल वसूली में लगने वाला समय कम होने के साथ ही चुंगियों पर वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी.

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि फिलहाल दोनों चुंगियों पर फास्टैग ऑनलाइन मशीन और मैनुअल तीनों माध्यमों से टोल शुल्क लिया जा रहा है. प्राथमिकता फास्टैग के जरिए शुल्क वसूली को दी जा रही है. जिन वाहनों में फास्टैग नहीं है या किसी तकनीकी कारण से शुल्क नहीं कट पा रहा है, उनसे ऑनलाइन मशीन अथवा मैनुअल तरीके से टोल लिया जा रहा है. नई व्यवस्था में एक वाहन का टोल काटने में महज तीन से पांच सेकंड का समय लग रहा है. इससे चुंगियों पर लगने वाली कतारों को कम करने और पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

बाहरी वाहनों को 300 और जिले के वाहनों को 200 रुपये टोल

पालिका की ओर से हाल ही में चुंगियों पर लिए जाने वाले टोल शुल्क में बढ़ोतरी की गई थी. निर्धारित दरों के अनुसार, उत्तराखंड के अन्य जिलों और बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों को 300 रुपये टोल शुल्क देना होगा. वहीं, नैनीताल जिले में पंजीकृत वाहनों के लिए यह शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है. ऐसे में नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों को शहर में प्रवेश के दौरान निर्धारित टोल शुल्क चुकाना होगा.

छूट वाले वाहनों की सूची का इंतजार

चुंगियों के ठेकेदार प्रतिनिधि बुद्धा राघव के मुताबिक, दोनों स्थानों पर फास्टैग सुविधा शुरू कर दी गई है, लेकिन फिलहाल इसका संचालन पूरी तरह ऑटोमेटिक मोड पर नहीं हो रहा है. नगर पालिका से अभी उन वाहनों की सूची प्राप्त नहीं हुई है, जिन्हें टोल शुल्क में छूट दी गई है. सूची मिलने के बाद संबंधित वाहनों का विवरण फास्टैग प्रणाली में दर्ज किया जाएगा.

इसके बाद व्यवस्था को ऑटोमेटिक मोड पर संचालित किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि फिलहाल वाहन चालकों की सुविधा और उनकी इच्छा के अनुसार फास्टैग के अलावा ऑनलाइन मशीन और मैनुअल माध्यम से भी शुल्क वसूला जा रहा है. नई व्यवस्था लागू होने से नैनीताल में प्रवेश के दौरान टोल वसूली की प्रक्रिया को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है. हालांकि,फास्टैग का पूरी तरह स्वचालित संचालन शुरू होने और छूट प्राप्त वाहनों का विवरण प्रणाली में दर्ज होने के बाद ही व्यवस्था का पूरा लाभ मिल सकेगा.



Source link