Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में अर्नब का असर शुरू, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी

Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में अर्नब का असर शुरू, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी


Last Updated:

Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखाई देने लगा है. बस्तर संभाग में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है. 27 से 29 अक्टूबर तक प्रशासन अलर्ट पर रहेगा. सरकार ने सभी कलेक्टरों को राहत-बचाव की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं. कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया.

ख़बरें फटाफट

Zoom

अर्नब तूफान का छत्तीसगढ़ पर असर. (फाइल फोटो)

रिपोर्ट- विशु शुक्ला-श्रीनिवास, रायपुर. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है. राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं. वहीं, बस्तर संभाग में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है. खासकर 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में मौसम ज्यादा खराब रहने की आशंका है. संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं.

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए बस्तर संभाग में रेड अलर्ट की जानकारी सामने आई है. बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों में तेज हवाएं चलने और बारिश होने की आशंका है. वहीं, कोंडागांव में भी मौसम का मिजाज बदल गया है. आसमान में बादल छाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. खेतों में खड़ी और कटाई के लिए तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है.

अर्नब तूफान पर अधिकारियों ने बैठक की.

मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक, कलेक्टरों को निर्देश

चक्रवात के खतरे को देखते हुए अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ की अध्यक्षता में मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई. इसमें सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए. प्रशासन को संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने और आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.

जगदलपुर में ऑरेंज अलर्ट

जगदलपुर में अर्नब का असर देखने को मिल रहा है. यहां भी सुबह काले बादल छाए हुए हैं. यहां लैंडफॉल की चेतावनी और ऑरेंज अलर्ट’ जारी होते ही नगर प्रशासन ने मुनादी शुरू कर दी है. जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. मेयर संजय पांडे ने अपने सभी विभागों के सभी अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. लोगों से अलर्ट और अपने घरों में रहने की अपील की है. उन्होंने आपातकालीन सहायता के लिए जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 07782-223122 भी जारी किया है.

24 घंटे तैयार रहेंगे राहत शिविर

सरकार ने राहत शिविरों को 24 घंटे तैयार रखने और जरूरत पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा NDRF और SDRF को अलर्ट रहने को कहा गया है. बिजली, दूरसंचार और सड़क व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया है. कोंडागांव में राजस्व, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग सहित पंचायतों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. किसानों के लिए फसलों की सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी करने को भी कहा गया है.



Source link