मेकअप उतारने में करती हैं ये छोटी-सी गलती? धीरे-धीरे छिन सकती है चेहरे की चमक, जानिए सही तरीका

मेकअप उतारने में करती हैं ये छोटी-सी गलती? धीरे-धीरे छिन सकती है चेहरे की चमक, जानिए सही तरीका


ऑफिस जाना हो, किसी पार्टी में शामिल होना हो या किसी खास मौके पर तैयार होना हो, मेकअप से चेहरा बहुत खिला-खिला और खूबसूरत नजर आता है. लेकिन जितना जरूरी सजना-संवरना है, उतना ही जरूरी रात में सोने से पहले मेकअप को सही तरीके से हटाना भी है. कई बार थकान के कारण लोग मेकअप हटाए बिना ही सो जाते हैं, और यही छोटी सी लापरवाही धीरे-धीरे त्वचा को भारी नुकसान पहुंचा सकती है.

विशेषज्ञों के मुताबिक, चेहरे पर लंबे समय तक मेकअप, धूल, प्रदूषण और पसीना जमा रहने से त्वचा के रोमछिद्र बंद हो जाते हैं. इसके कारण मुंहासे, त्वचा का रूखापन, जलन, लालिमा और चेहरा बेजान होने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. इसलिए मेकअप के बाद सही स्किन केयर रूटीन अपनाना बेहद आवश्यक है.

मेकअप हटाने की शुरुआत सही क्लीनिंग से होनी चाहिए. सिर्फ फेसवॉश से वाटरप्रूफ मस्कारा, लॉन्ग-लास्टिंग लिपस्टिक और फुल कवरेज फाउंडेशन पूरी तरह नहीं निकलते. इन्हें हटाने के लिए मेकअप रिमूवर या ऑयल-बेस्ड क्लींजर का उपयोग करें. चेहरे को कभी भी जोर-जोर से न रगड़ें, इससे स्किन पर खिंचाव और जलन हो सकती है.

आंखों का मेकअप हटाते समय खास सावधानी बरतनी चाहिए क्योंकि यह हिस्सा बहुत नाजुक होता है. इसके लिए कॉटन पैड पर रिमूवर लेकर कुछ सेकंड आंखों पर रखें और फिर हल्के हाथों से साफ करें. इससे बिना किसी नुकसान के सारा आई मेकअप आसानी से निकल जाता है.

चेहरे की गहराई से सफाई के लिए डबल क्लीजिंग सबसे बेहतरीन तरीका है. पहले ऑयल-बेस्ड क्लींजर से मेकअप और गंदगी हटाएं, और फिर पानी वाले फेस क्लींजर से चेहरा धोएं ताकि बचा हुआ तेल और कण पूरी तरह साफ हो जाएं.

क्लीजिंग के बाद त्वचा के संतुलन को बनाए रखने के लिए टोनर का इस्तेमाल किया जाता है. अपनी स्किन के हिसाब से टोनर चुनें- जैसे हाइलूरोनिक एसिड त्वचा को हाइड्रेट रखता है, जबकि एलोवेरा और ग्लिसरीन स्किन को शांत और मुलायम बनाते हैं.

स्किन केयर का सबसे आखिरी स्टेप मॉइस्चराइजर है. बहुत से लोग सोचते हैं कि ऑयली स्किन को मॉइस्चराइजर की जरूरत नहीं होती, लेकिन यह गलत है. ऑयली स्किन वाले हल्के जेल-बेस्ड और ड्राई स्किन वाले क्रीम-बेस्ड मॉइस्चराइजर का उपयोग कर सकते हैं, जो त्वचा की नमी को लॉक करके उसे सुरक्षित रखता है.



Source link