जबलपुर. मध्य प्रदेश में आज 27 अक्टूबर 2026 से मौसम करवट लेने वाला है. ज्यादातर पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं वज्रपात और झोंकेदार हवा भी लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा. 29 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में बारिश का अनुमान जताया गया है. कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ अति तीव्र वर्षा होने के आसार हैं. मौसम विभाग अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार मौसम का अपडेट साझा कर रहा है. विभाग ने आंधी-बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
IMD के मुताबिक आज सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है. वहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने का अनुमान भी है. मौसम विभाग ने अक्टूबर महीने की शुरुआत में ही बताया था कि पूरे माह गर्मी, ठंड और बरसात का ट्रेंड बना रहेगा. प्रदेश में इस साल मानसून 100 दिन एक्टिव रहा. इस दौरान कुछ जिलों में जहां बारिश का कोटा पूरा हो गया, तो वहीं कई जिले वर्षा के औसत आंकड़े को भी नहीं छू पाए.
आज कैसा रहेगा भोपाल का मौसम?
राजधानी भोपाल में आज मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है. दिन में तापमान में बढ़ोतरी होने से हल्की गर्मी महसूस होगी लेकिन शाम होते ही टेंपरेचर गिरने से गर्मी से राहत मिलेगी और गुलाबी ठंड का अहसास होगा. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस उज्जैन में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड हुआ.
बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.
2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए निश्चित नींद का समय निर्धारित करें और पर्याप्त आराम करें.
3. दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं.
4. दिन के समय ठंडक बनाए रखने के लिए हल्के, हवादार और आरामदायक सूती कपड़े पहनें. सुबह-शाम की हल्की ठंड के लिए अपने पास एक हल्की चादर या जैकेट रखें.
5. मानसून के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खासकर सुबह और शाम के समय मच्छर भगाने वाली क्रीम, जाली या मच्छरदानी का उपयोग करें.
6. दिल की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को ठंड के मौसम में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और हृदय के लिए स्वस्थ आहार का सेवन और योग, व्यायाम आदि करते रहें.
7. बदलते मौसम के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें. मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.