‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाए कैदी,’ मदद को आए जेलकर्मी तो कर दिया हमला, फिर 17 फरार
Last Updated:
तमिलनाडु के थेनी में जेल से 17 विचाराधीन कैदी फरार हो गए. कैदियों ने मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया और मदद के लिए पहुंचे जेलकर्मियों पर हमला कर दिया. इस घटना में तीन अधिकारी घायल हो गए. फरार कैदियों में से चार को पुलिस ने पकड़ लिया है. बाकी कैदियों की तलाश जारी है. आखिर कैदियों ने जेल से भागने के लिए क्या चाल चली?
जेल से फरार हुए 17 कैदी
थेनी: जेल से फरार होने के लिए कैदियों ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी. पहले एक कैदी की तबीयत खराब होने का नाटक किया गया. फिर मदद के लिए पहुंचे जेलकर्मियों पर हमला कर दिया और देखते ही देखते 17 विचाराधीन कैदी जेल से फरार हो गए. तमिलनाडु के थेनी में हुई इस घटना से जेल की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. चलिए जानते हैं पूरा मामला…
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार देर रात की है. जेल में एक ही कोठरी में बंद कुछ कैदियों ने मिलकर भागने की योजना बनाई थी. इसके लिए उन्होंने मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया. कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी को आवाज लगाई और बताया कि एक कैदी की तबीयत बहुत खराब हो गई है. उन्होंने जेलकर्मी से तुरंत मदद करने को कहा.
मदद करने पहुंचे जेलकर्मियों पर किया हमला
कैदियों की बात सुनकर जेलकर्मी बैरक का ताला खोलकर अंदर पहुंचे. उन्हें लगा कि कैदी की तबीयत खराब है और उसे मदद की जरूरत है. लेकिन अंदर पहुंचते ही कैदियों ने उन पर हमला कर दिया. उन्होंने जेलकर्मियों को काबू में कर लिया और इसके बाद जेल परिसर से फरार हो गए. इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तुरंत कैदियों की तलाश शुरू की. कुछ ही समय बाद चार फरार कैदियों को दोबारा पकड़ लिया गया.
हमले में तीन अधिकारी घायल
पुलिस के अनुसार, कैदियों के हमले में तीन अधिकारी घायल हुए हैं. घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस बाकी फरार कैदियों की तलाश में जुटी है. मामले की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैदियों ने इस पूरी योजना को कैसे अंजाम दिया.